- 50 लाख की सरकारी भूमि अतिक्रमण मुक्त
नानकमत्ता ।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अपराधियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति को धरातल पर उतारते हुए ऊधम सिंह नगर के एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर बड़ी कार्रवाई की गई है। पुलिस और सिंचाई विभाग की संयुक्त टीम ने नानकसागर बांध क्षेत्र में हिस्ट्रीशीटर और गैंगस्टर तारा सिंह द्वारा किए गए अवैध अतिक्रमण को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। इसके साथ ही मौके पर एक अवैध मजार को भी ध्वस्त किया गया। इस कार्रवाई में लगभग दो एकड़ सरकारी भूमि को कब्जे से मुक्त कराया गया है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 50 लाख रुपये से अधिक है।

कोतवाली नानकमत्ता क्षेत्र के अंतर्गत डैम बंदा गिधौर निवासी कुख्यात हिस्ट्रीशीटर तारा सिंह और उसके परिजनों ने सिंचाई विभाग की भूमि पर अवैध रूप से पक्का निर्माण कर रखा था। जांच में यह सामने आया कि इस स्थान का उपयोग लंबे समय से स्मैक, हेरोइन और अन्य मादक पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री जैसे आपराधिक कार्यों के लिए किया जा रहा था। पुलिस की रिपोर्ट पर सिंचाई विभाग ने नियमानुसार नोटिस तामील कराते हुए भूमि खाली करने के निर्देश दिए थे। प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद शुक्रवार को तहसील प्रशासन, पुलिस, पीएसी और फायर सर्विस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध मकान और वहां बनी एक अवैध धार्मिक संरचना (मजार) को जमींदोज कर दिया।
गैंगस्टर तारा सिंह वर्तमान में जेल में निरुद्ध है। उसके विरुद्ध डकैती, लूट, अपहरण, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट और एनडीपीएस एक्ट जैसे संगीन धाराओं में 27 मुकदमे दर्ज हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि केवल तारा सिंह ही नहीं, बल्कि उसके परिवार के सदस्यों और अन्य सहयोगियों द्वारा भी अपराध के दम पर बनाई गई अवैध संपत्तियों की जांच की जा रही है। तारा सिंह की पत्नी गुरमीत कौर, सुखवंत सिंह और राजू उर्फ हरजिंदर सिंह पर भी एनडीपीएस और आबकारी अधिनियम के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं।
एसएसपी अजय गणपति ने सख्त लहजे में कहा कि नशा तस्करों और संगठित अपराधियों के विरुद्ध यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि अपराध से अर्जित किसी भी अवैध संपत्ति को बख्शा नहीं जाएगा और सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया अनवरत चलती रहेगी। जनपद में नशे के कारोबार और आपराधिक गतिविधियों के लिए कोई स्थान नहीं है और भविष्य में भी ऐसे तत्वों के खिलाफ कठोरतम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
