- SOG कांस्टेबल गिरीश भट्ट के निधन से महकमे में शोक की लहर
बनबसा/चंपावत। उत्तराखंड पुलिस महकमे से एक दुखद खबर सामने आई है। जिले के बनबसा क्षेत्र में जिम में एक्सरसाइज के दौरान एसओजी (स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप) के जांबाज कांस्टेबल गिरीश भट्ट का अचानक निधन हो गया। ड्यूटी के साथ-साथ अपनी फिटनेस को लेकर हमेशा गंभीर रहने वाले 38 वर्षीय गिरीश भट्ट की असमय मौत से परिवार के साथ ही पूरे पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार मूल रूप से पिथौरागढ़ जिले के रहने वाले गिरीश भट्ट वर्तमान में बनबसा के भजनपुर क्षेत्र में निवास कर रहे थे। वे वर्ष 2006 में उत्तराखंड पुलिस में भर्ती हुए थे और वर्तमान में टनकपुर स्थित सर्विलांस कार्यालय में अपनी सेवाएं दे रहे थे। पुलिस विभाग में वे एक मेहनती, ईमानदार और तेज-तर्रार पुलिसकर्मी के रूप में पहचाने जाते थे।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार शाम करीब चार बजे गिरीश भट्ट रोज की तरह जिम में वर्कआउट करने पहुंचे थे। वे पिछले करीब तीन वर्षों से नियमित रूप से जिम जाते थे और अपनी फिटनेस का विशेष ध्यान रखते थे। एक्सरसाइज के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वे अचेत होकर जमीन पर गिर पड़े। जिम में मौजूद साथियों ने तुरंत उन्हें संभाला और उपचार के लिए ऊधम सिंह नगर जिले के खटीमा स्थित निजी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
चिकित्सकों द्वारा प्रारंभिक तौर पर कार्डियक अरेस्ट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत मेडिकल जांच के बाद ही हो सकेगी।
गिरीश भट्ट अपने पीछे पत्नी और दो बेटों को छोड़ गए हैं। अचानक आई इस दुखद खबर ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। वहीं पुलिस अधिकारियों और साथी कर्मचारियों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
सहकर्मियों के अनुसार गिरीश भट्ट ने एसओजी में रहते हुए कई महत्वपूर्ण आपराधिक मामलों के खुलासे में अहम भूमिका निभाई थी। उनकी कार्यशैली, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के कारण वे विभाग में अलग पहचान रखते थे। उनका असमय जाना उत्तराखंड पुलिस के लिए एक अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।
