- स्व. हरेन्द्रनाथ सरकार स्मृति क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल में पिपलिया नंबर एक का दबदबा, रिक्की मण्डल बने मैन ऑफ द मैच व मैन ऑफ द टूर्नामेंट
रूद्रपुर। ग्राम मकरदंपुर में स्व. हरेन्द्रनाथ सरकार की स्मृति में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला पिपलिया नंबर एक और जाफरपुर के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में पिपलिया नंबर एक की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जाफरपुर को 84 रन से पराजित कर ट्रॉफी अपने नाम कर ली।

फाइनल मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए पिपलिया नंबर एक की टीम ने निर्धारित 16 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 207 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से जय मण्डल ने 53, सुरजीत मण्डल ने 68 और रिक्की मण्डल ने ताबड़तोड़ 58 रन की शानदार पारियां खेलीं।
208 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जाफरपुर की टीम पिपलिया नंबर एक के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और पूरी टीम 123 रन पर सिमट गई। इसके साथ ही पिपलिया नंबर एक ने 84 रन से जीत दर्ज कर टूर्नामेंट की ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और अन्य पुरस्कार प्रदान कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए रिक्की मण्डल को मैन ऑफ द मैच और मैन ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया।
इस अवसर पर राजकुमार ठुकराल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल उन्हें उचित अवसर और प्रोत्साहन देने की है। उन्होंने कहा कि ऐसे खेल आयोजनों से युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है तथा खेल युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखकर सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं।
उन्होंने आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए भविष्य में भी इस तरह के आयोजन निरंतर कराए जाने की बात कही। समापन समारोह में क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।
