- पीड़ित परिवार के साथ पहुंचे ठुकराल, निष्पक्ष जांच और दोषी पुलिसकर्मियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग
रुद्रपुर। ट्रांजिट कैम्प थाना पुलिस पर एक युवक को पूछताछ के नाम पर हिरासत में लेकर अमानवीय मारपीट करने के आरोपों को लेकर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल गुरुवार को पीड़ित परिवार के साथ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से मिले। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए एसएसपी को शिकायती पत्र सौंपा।
पूर्व विधायक ठुकराल ने बताया कि रम्पुरा वार्ड नंबर-22 निवासी लक्ष्मी देवी का पुत्र आकाश रुद्रपुर की एक ऑटोमोबाइल कंपनी में कार वॉशिंग का कार्य करता है। आरोप है कि 14 जून को अभिषेक पुत्र मुन्ना सिंह निवासी आनंदपुर, किच्छा अपनी कार धुलवाने के लिए आकाश के पास आया था और शाम को वाहन लेकर चला गया। इसके कुछ समय बाद ट्रांजिट कैम्प थाना पुलिस आकाश को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई।
परिजनों का आरोप है कि जब वे कोतवाली पहुंचे तो पुलिस ने बताया कि युवक से केवल पूछताछ की जा रही है और उसके खिलाफ कोई एफआईआर दर्ज नहीं है। पुलिस ने पूछताछ पूरी होने के बाद उसे छोड़ने की बात कही। शिकायत के अनुसार 15 जून को आकाश को उसकी मां के सुपुर्द कर दिया गया, लेकिन अगले दिन उसे फिर से थाने बुला लिया गया और 17 जून की रात दोबारा परिजनों के हवाले किया गया।
परिजनों का आरोप है कि घर लौटने पर आकाश की हालत बेहद गंभीर थी। वह ठीक से चल भी नहीं पा रहा था। आरोप है कि उसके हाथों और पैरों के नाखून प्लास से उखाड़े गए थे। हालत बिगड़ने पर उसे जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। पीड़ित युवक ने आरोप लगाया कि ट्रांजिट कैम्प थाना और आवास विकास चौकी के कुछ पुलिसकर्मियों ने उसके साथ मारपीट की और अमानवीय व्यवहार किया।
पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने मामले को गंभीर बताते हुए उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।
एसएसपी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान लक्ष्मी देवी, ललित बिष्ट, केरू मंडल सहित पीड़ित परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।
