IMG-20260618-WA0020
  • पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के नेतृत्व में प्रदर्शन, पुल बनने तक अस्थायी कट खोलने की भी उठाई मांग

रुद्रपुर। सिविल लाइन स्थित गुरु अंगद देव कॉम्प्लेक्स से कंचनतारा जाने वाले मार्ग पर फुट ओवर ब्रिज निर्माण की मांग तेज हो गई है। हाल ही में इसी स्थान पर सड़क दुर्घटना में एक महिला की मौत के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है। गुरुवार को पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन कर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि नैनीताल रोड स्थित शिशु मंदिर इंटर कॉलेज मोड़ पर पैदल यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए जल्द से जल्द फुट ओवर ब्रिज का निर्माण कराया जाए। साथ ही पुल निर्माण पूरा होने तक आमजन की सुविधा के लिए पूर्व की भांति अस्थायी रूप से कट खोलने की व्यवस्था की जाए।

इस अवसर पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि शिशु मंदिर इंटर कॉलेज मोड़ के समीप प्रतिदिन हजारों लोगों का पैदल आवागमन होता है। आवास विकास, जगतपुरा, मुखर्जी नगर, रविन्द्र नगर, शिवनगर, आजाद नगर, विवेक नगर, ट्रांजिट कैंप, कल्याणी व्यू और धोबीघाट समेत आसपास के क्षेत्रों के लोग इसी मार्ग का उपयोग करते हैं। इसके अलावा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं भी इसी रास्ते से स्कूल और कॉलेज जाते हैं।

उन्होंने कहा कि पहले इस स्थान पर तिराहा खुला होने से लोगों को सड़क पार करने में अधिक परेशानी नहीं होती थी, लेकिन ग्रिल और लोहे के सरियों से कट बंद किए जाने के बाद लोगों को लंबा चक्कर लगाना पड़ रहा है। इससे कई लोग जान जोखिम में डालकर सीधे सड़क पार करने को मजबूर हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी हुई है।

ठुकराल ने कहा कि कुछ दिन पहले इसी स्थान पर एक महिला की दर्दनाक मौत हो चुकी है, लेकिन इसके बावजूद अभी तक कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई है। उन्होंने प्रशासन से आम जनता की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए तत्काल आवश्यक कदम उठाने की मांग की।

प्रदर्शन में चेतन मांगट, संजीव गुप्ता, संजय ठुकराल, एडवोकेट अभय सिंह सोलंकी, सर्वेश सिंह, आशीष यादव, सुनील चुघ, ललित सिंह बिष्ट, सुखवंत सिंह, अशोक यादव, केरू मंडल, रामकुमार गुप्ता, आनंद शर्मा, मनोज गुप्ता, रमन विश्वास, रणजीत तिवारी, राजेश पटेल, अमर वर्मा, अभिजीत कुमार, अमित मंडल, अक्षित वाला, गोविंद सरकार, हरिदास मंडल, जय मंडल, तपन विश्वास, सुब्रत राय, संजय चक्रवर्ती, हिम्मत राम कोली, राहुल बाला, मनजीत कर्मकार, दीपक ठुकराल, शिवम नारंग, गुरुजोत सिंह, भगत सिंह, पार्षद परवेज कुरैशी, आदर्श मिश्रा, छात्र संघ अध्यक्ष रजत बिष्ट सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

error: Content is protected !!