- एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर रुद्रपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, लगातार फरार चल रहे तीन आरोपियों की संपत्ति कुर्क करने की प्रक्रिया शुरू
रुद्रपुर। जनपद उधम सिंह नगर में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पुलिस ने फरार आरोपियों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश पर रुद्रपुर पुलिस ने बुधवार को फरार चल रहे आरोपियों के घर पहुंचकर ढोल-नगाड़ों और मुनादी के माध्यम से कुर्की उद्घोषणा की कार्रवाई की।
एसएसपी अजय गणपति द्वारा जनपद के सभी थाना प्रभारियों को अपराधियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक रुद्रपुर के नेतृत्व में पुलिस टीमों का गठन कर फरार अपराधियों की गिरफ्तारी और कुर्की की कार्रवाई शुरू की गई।
रम्पुरा चौकी क्षेत्र में पुलिस ने चोरी, मारपीट और जुआ जैसे मामलों में वांछित चल रहे आरोपियों के घरों पर ताबड़तोड़ दबिश दी, लेकिन आरोपी फरार मिले। इसके बाद न्यायालय के आदेशानुसार तीन आरोपियों के घरों और सार्वजनिक स्थानों पर ढोल बजाकर तथा मुनादी कराकर कुर्की उद्घोषणा की गई।
पुलिस के अनुसार यदि आरोपी लगातार फरार रहते हैं तो उनकी संपत्तियों को विधिक प्रक्रिया के तहत जब्त कर लिया जाएगा। इस कार्रवाई से अपराधियों और उनके परिचितों में हड़कंप की स्थिति देखी जा रही है।
फरार आरोपी:
- सुरेश कोरी पुत्र छोटे लाल कोरी, निवासी वार्ड नंबर-22, रम्पुरा, रुद्रपुर।
- मुन्तियाज पुत्र मुख्तयार, निवासी पहाड़गंज, रुद्रपुर।
- भूरा पुत्र नजाकत, निवासी वार्ड नंबर-18, खेड़ा, रुद्रपुर।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम: प्रभारी निरीक्षक प्रकाश दानू, चौकी प्रभारी पंकज कुमार, चौकी प्रभारी प्रदीप कुमार, एसआई धीरज टम्टा सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अपराध कर फरार रहने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
