IMG-20260609-WA0010
  • हैदराबाद से चोरी, नेपाल भागने की तैयारी… SSP अजय गणपति की तेज रणनीति से नाकाम हुई आरोपियों की चाल
  • तेलंगाना से मिली सूचना पर रात में ही एक्टिव हुई ऊधम सिंह नगर पुलिस
  • रुद्रपुर-बिलासपुर बॉर्डर पर चला सर्च ऑपरेशन

रुद्रपुर। हैदराबाद में हुई करीब पांच करोड़ रुपये की बड़ी ज्वेलरी चोरी के मामले में फरार आरोपियों की नेपाल भागने की कोशिश पुलिस की सतर्कता से नाकाम हो गई। तेलंगाना पुलिस से मिले इनपुट के बाद ऊधम सिंह नगर पुलिस ने आधी रात को बड़ा ऑपरेशन चलाते हुए तीन संदिग्ध आरोपियों को पकड़ने में अहम भूमिका निभाई।

जानकारी के मुताबिक हैदराबाद में करोड़ों रुपये कीमत के आभूषण चोरी होने के बाद जांच एजेंसियां आरोपियों की तलाश में जुटी थीं। इसी बीच तेलंगाना के एक वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी द्वारा ऊधम सिंह नगर के एसएसपी अजय गणपति को सूचना दी गई कि वारदात में शामिल नेपाली मूल के आरोपी उत्तराखंड के रास्ते नेपाल फरार होने की कोशिश कर सकते हैं।

सूचना मिलते ही एसएसपी अजय गणपति ने बिना देर किए खुद पूरे ऑपरेशन की कमान संभाली। देर रात पुलिस और एसओजी टीम को अलर्ट करते हुए रुद्रपुर-बिलासपुर बॉर्डर क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान शुरू किया गया।

पुलिस टीमों ने सीमा क्षेत्र में वाहनों और बसों की बारीकी से जांच शुरू की। इसी दौरान एक बस में सवार नेपाली मूल के तीन संदिग्ध पुलिस की नजर में आए। संयुक्त कार्रवाई के दौरान आरोपियों को उत्तर प्रदेश के रामपुर जनपद के बिलासपुर क्षेत्र में पकड़ लिया गया।

जांच में आरोपियों के कब्जे से हैदराबाद से चोरी किए गए करोड़ों रुपये कीमत के आभूषण बरामद होने की बात सामने आई। बस यूपी सीमा क्षेत्र में रोके जाने के कारण बरामदगी और आगे की कानूनी कार्रवाई बिलासपुर पुलिस द्वारा की गई।

इस पूरे अभियान को तेलंगाना, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश पुलिस के बेहतर तालमेल और त्वरित कार्रवाई का बड़ा उदाहरण माना जा रहा है। समय रहते हुई कार्रवाई के चलते आरोपी नेपाल सीमा पार करने से पहले ही कानून के शिकंजे में आ गए।

पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर चोरी की पूरी वारदात और नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच में जुटी है।

error: Content is protected !!