IMG-20260609-WA0016
  • हरिद्वार के सराय गांव में मचा हड़कंप, वन विभाग की टीम ने सुरक्षित किया रेस्क्यू

हरिद्वार। घर के पानी के टैंक में झांकते ही परिवार के लोगों के होश उड़ गए। टैंक के अंदर एक-दो नहीं बल्कि दर्जनों सांप के बच्चे घूमते नजर आए। अचानक इतनी बड़ी संख्या में सांप दिखाई देने से परिवार में दहशत फैल गई और आसपास के लोग भी मौके पर जमा हो गए।

मामला हरिद्वार के सराय ग्राम क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक एक मकान के पानी के टैंक में लोगों ने कई सांपों के बच्चों को देखा। इसके बाद इसकी सूचना तुरंत वन विभाग को दी गई।

सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। स्नेक कैचर तालिब और भोला ने सावधानी के साथ रेस्क्यू अभियान चलाया और टैंक से सांपों के बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला।

रेस्क्यू के दौरान टैंक से कुल 27 सांप के बच्चे मिले, जिन्हें सुरक्षित पकड़कर बाद में जंगल में छोड़ दिया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए और यह घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गई।

रेंज अधिकारी शीशपाल सिंह के अनुसार गर्मी बढ़ने के साथ सांप जैसे जीव ठंडी और सुरक्षित जगहों की तलाश में कई बार आबादी वाले क्षेत्रों तक पहुंच जाते हैं। संभावना है कि पानी भरे टैंक में किसी मादा सांप ने अंडे दिए होंगे, जिसके बाद सांप के बच्चे वहीं मौजूद थे।
वन विभाग के मुताबिक रेस्क्यू किए गए सभी सांप कीलबैक प्रजाति के हैं, जिन्हें सामान्य भाषा में पानी का सांप भी कहा जाता है। यह प्रजाति आमतौर पर जल स्रोतों के आसपास पाई जाती है।

अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि सांप या कोई भी वन्य जीव दिखाई देने पर उन्हें नुकसान न पहुंचाएं, बल्कि तत्काल वन विभाग को सूचना दें ताकि सुरक्षित रेस्क्यू किया जा सके।

error: Content is protected !!