- Gen-Z के मनोभाव समझने की अनूठी पहल, महापौर विकास शर्मा ने युवाओं को बनाया शहर के भविष्य का भागीदार
रुद्रपुर। अक्सर युवाओं को लेकर चर्चा होती है कि नई पीढ़ी क्या सोचती है, उसे क्या चाहिए और भविष्य को लेकर उसके सपने क्या हैं। लेकिन इन सवालों के जवाब युवाओं से सीधे जानने की पहल कम ही देखने को मिलती है। रुद्रपुर में महापौर विकास शर्मा की पहल पर आयोजित “नई सोच नया रुद्रपुर युवा संवाद-2026” इसी सोच को बदलने की एक बड़ी कोशिश साबित हुआ।
होटल रेडिशन में आयोजित इस कार्यक्रम में युवाओं को सिर्फ सुनने के लिए नहीं बुलाया गया, बल्कि उनसे पूछा गया कि अगर शहर की कमान उनके हाथों में हो तो वह रुद्रपुर को कैसा बनाना चाहेंगे। कार्यक्रम में युवाओं ने साबित किया कि नई पीढ़ी सिर्फ सवाल नहीं करती, बल्कि समाधान की सोच भी रखती है।
“अगर मैं मेयर होता…” युवाओं ने बताया अपना विजन
युवा संवाद के पहले सत्र में युवाओं ने खुलकर शहर को लेकर अपनी सोच सामने रखी। किसी ने कल्याणी नदी को फिर से जीवन देने की बात कही तो किसी ने शहर को डिजिटल और हाईटेक बनाने का सुझाव दिया। युवाओं ने वेस्ट मैनेजमेंट, वाटर मैनेजमेंट, डिजिटल डैशबोर्ड, AI स्किल, जॉब स्किल, बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं और आधुनिक शिक्षा व्यवस्था पर जोर दिया।
शहर की सुरक्षा को लेकर बेटियों के लिए मजबूत सुरक्षा सिस्टम, हर क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे और समस्याओं के समाधान के लिए बेहतर व्यवस्था बनाने की बात रखी गई। युवाओं ने जाम मुक्त रुद्रपुर, ई-रिक्शा नियंत्रण, बेहतर पब्लिक ट्रांसपोर्ट, फुटपाथ खाली कराने और सड़क सुरक्षा को लेकर भी सुझाव दिए।
शिक्षा, रोजगार और मेंटल हेल्थ पर युवाओं की बड़ी चिंता
कार्यक्रम में युवाओं ने उच्च शिक्षा की कमी को भी प्रमुख मुद्दा बताया। युवाओं ने कहा कि बेहतर शिक्षा के लिए बच्चों को दूसरे शहरों की ओर जाना पड़ता है। रुद्रपुर में बड़े शिक्षण संस्थान और निःशुल्क कोचिंग व्यवस्था विकसित होनी चाहिए। एक छात्रा ने युवाओं की मेंटल हेल्थ, डिप्रेशन से बचाव और कम्युनिकेशन स्किल जैसे विषयों पर काम करने की जरूरत बताई।
समस्या नहीं, समाधान लेकर पहुंचे युवा
यूथ वॉइस स्पॉटलाइट में युवाओं ने ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने, इलेक्ट्रिक शटल सेवा शुरू करने, मियावाकी तकनीक से ग्रीन क्षेत्र विकसित करने और कल्याणी नदी में प्रदूषण रोकने के लिए आधुनिक सिस्टम बनाने जैसे सुझाव रखे। लाइव पोल में युवाओं ने आने वाले वर्षों के लिए एजुकेशन, स्किल और यूथ अपॉर्चुनिटी को सबसे बड़ी प्राथमिकता बताया।
युवाओं की सोच बनेगी नये रुद्रपुर की ताकत: विकास शर्मा
महापौर विकास शर्मा ने कहा कि युवा शक्ति देश का भविष्य है। नई पीढ़ी की सोच और ऊर्जा को विकास से जोड़ना जरूरी है। उन्होंने कहा कि युवा संवाद सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं बल्कि युवाओं की सोच को धरातल पर उतारने की शुरुआत है। नगर निगम युवाओं की कमेटी बनाकर उनके सुझावों पर आगे भी काम करेगा। महापौर ने बताया कि कल्याणी नदी के पुनर्जीवन के लिए 300 करोड़ रुपये का प्रोजेक्ट केंद्र सरकार को भेजा गया है। जलभराव के समाधान के लिए 296 करोड़ रुपये का ड्रेनेज प्लान तैयार है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल और ट्रैफिक सुधार को लेकर भी कई बड़ी योजनाओं पर काम चल रहा है। सबके सहयोग से रुद्रपुर को उत्तराखंड का नंबर वन शहर बनाया जाएगा।
युवाओं से संवाद बना सकता है विकास का नया मॉडल
कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने भी माना कि युवा सिर्फ भविष्य नहीं, वर्तमान की सबसे बड़ी ताकत हैं। यदि उनकी सोच को सही मंच मिले तो वही युवा शहर और समाज के बदलाव के वाहक बन सकते हैं। “नई सोच नया रुद्रपुर युवा संवाद-2026” ने यह संदेश दिया कि आने वाले समय का शहर केवल योजनाओं से नहीं, बल्कि युवाओं के सपनों और उनकी भागीदारी से बनेगा।
