IMG-20260606-WA0038
  • देर रात लगी आग से मची अफरा-तफरी, घंटों की मशक्कत के बाद फायर टीम ने पाया काबू

हल्द्वानी। शुक्रवार की देर रात हल्द्वानी के रामपुर रोड इलाके में हुए दर्दनाक अग्निकांड ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। शीतल होटल के सामने स्थित अमेजन के गोदाम में अचानक लगी भीषण आग में वहां कार्यरत दो कर्मचारियों की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और गोदाम का बड़ा हिस्सा इसकी चपेट में आ गया। आग की लपटें और धुआं उठता देख आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।

रात करीब 11:50 बजे मिली आग की सूचना

पुलिस के अनुसार शुक्रवार रात करीब 11:50 बजे डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि रामपुर रोड स्थित अमेजन गोदाम में आग लग गई है।

सूचना मिलते ही थाना हल्द्वानी पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके के लिए रवाना हुईं। आग की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त टीमें भी मौके पर पहुंचीं।

एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल और प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता भी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव अभियान की निगरानी की।

 

जान जोखिम में डालकर चलाया रेस्क्यू अभियान

 

आग काफी तेजी से फैल चुकी थी और गोदाम के अंदर धुआं भर गया था। पुलिस और फायर सर्विस के जवानों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया। आग बुझने के बाद जब गोदाम के अंदर सर्च ऑपरेशन चलाया गया तो वहां दो कर्मचारियों के शव बरामद हुए।

धुएं और आग ने छीन ली दो कर्मचारियों की जिंदगी

प्राथमिक जानकारी के अनुसार दोनों कर्मचारियों की मौत गंभीर रूप से झुलसने और अत्यधिक धुएं के कारण दम घुटने से हुई।

मृतकों की पहचान— नरेन्द्र प्रसाद (35 वर्ष)

पुत्र सदी राम, निवासी बागजाला, गोलापार

और अमित आर्य (25 वर्ष) पुत्र प्रताप राम, निवासी रामपुर रोड, हल्द्वानी के रूप में हुई है। दोनों के निधन की सूचना मिलते ही परिवारों में कोहराम मच गया।

 

आग लगने के कारणों की जांच शुरू

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि घटना के हर पहलू की जांच की जा रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि आखिर आग कैसे लगी और किन परिस्थितियों में यह दर्दनाक हादसा हुआ।

error: Content is protected !!