- बाजपुर पुलिस ने छीना गया ओप्पो मोबाइल और वारदात में प्रयुक्त प्लेटिना बाइक बरामद की, ऑपरेशन प्रहार के तहत हुई कार्रवाई
बाजपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति के कुशल निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बाजपुर पुलिस को मोबाइल झपटमारी के मामले में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने घटना का खुलासा करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से छीना गया ओप्पो मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
जानकारी के अनुसार, महेशपुरा निवासी लेखराज ने कोतवाली बाजपुर में तहरीर देकर बताया था कि 3 जून 2026 की शाम करीब 5:40 बजे महेशपुरा रोड पर पैदल जाते समय बाइक सवार दो अज्ञात युवक उसके हाथ से मोबाइल फोन झपटकर फरार हो गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों के पर्यवेक्षण में आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
5 जून 2026 को कोतवाली बाजपुर पुलिस द्वारा क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान बरहेनी रोड स्थित बरार धर्मकांटा के पास पुलिस टीम ने दो संदिग्ध युवकों को मोटरसाइकिल सहित पकड़ा। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से झपटा गया ओप्पो मोबाइल बरामद हुआ। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने मोबाइल झपटमारी की घटना को स्वीकार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हिमांशु आर्या (22 वर्ष) पुत्र शंकर राम निवासी बाकेनगर मझराप्रभु, थाना बाजपुर तथा शुभम सागर (21 वर्ष) पुत्र राधेश्याम निवासी टूटी फैक्ट्री नमूना, थाना बाजपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक ओप्पो मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त प्लेटिना मोटरसाइकिल संख्या UK18S-1429 बरामद की है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक देवेंद्र मेहता, उपनिरीक्षक धीरेन्द्र सिंह परिहार एवं कांस्टेबल नरेंद्र सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
