- “एक सदस्य-एक वृक्ष” अभियान के तहत परिषद पदाधिकारियों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश, पौधों की देखभाल का लिया संकल्प
रुद्रपुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भारत विकास परिषद, रुद्रपुर शाखा द्वारा शुक्रवार को स्टोर रिज पब्लिक स्कूल एवं फर्स्ट स्टैप पब्लिक स्कूल परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान परिषद के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और लोगों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने की अपील की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रांतीय अध्यक्ष मनोज अरोड़ा ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए वृक्षारोपण के साथ-साथ पौधों का संरक्षण भी बेहद जरूरी है। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।
शाखा अध्यक्ष आनंद अग्रवाल ने परिषद के “एक सदस्य-एक वृक्ष” अभियान की जानकारी देते हुए कहा कि वृक्ष पृथ्वी के पर्यावरणीय संतुलन को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं तथा आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम में शाखा सचिव राजेश सलूजा, कीर्ति शर्मा, संजय ठुकराल, पर्यावरण संयोजिका गुंजन खेड़ा सहित अन्य वक्ताओं ने भी वृक्षारोपण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वृक्ष जैव विविधता के संरक्षण, जलवायु संतुलन और पर्यावरण शुद्धिकरण में अहम योगदान देते हैं।
इस अवसर पर परिषद के सदस्यों ने विद्यालय परिसर में पौधे रोपे तथा विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। साथ ही सभी ने पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष मनोज अरोड़ा, शाखा अध्यक्ष आनंद अग्रवाल, महामंत्री राजेश सलूजा, कीर्ति शर्मा, संजय ठुकराल, गुंजन खेड़ा, अनुज, राकेश श्रीवास्तव, प्रकाश पाठक सहित परिषद के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
