- राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर एसएसपी अजय गणपति समेत वरिष्ठ अधिकारियों ने किया सम्मानित, उत्तराखंड पुलिस का बढ़ाया गौरव
रुद्रपुर। उत्तराखंड पुलिस के सब इंस्पेक्टर मुकेश पाल ने ऑल इंडिया पुलिस गेम्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीतकर प्रदेश और पुलिस विभाग का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। हरियाणा के करनाल में 22 से 27 मई तक आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में मुकेश पाल ने 100 प्लस किलोग्राम भार वर्ग में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान हासिल किया।

देशभर की पुलिस इकाइयों और केंद्रीय बलों के खिलाड़ियों के बीच हुए कड़े मुकाबले में मुकेश पाल ने कुल 700 किलोग्राम वजन उठाकर अपनी ताकत, तकनीक और खेल कौशल का लोहा मनवाया। उनकी इस उपलब्धि को उत्तराखंड पुलिस के लिए बड़ी सफलता माना जा रहा है।
राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने के बाद उधम सिंह नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, पुलिस अधीक्षक अपराध जितेन्द्र चौहान तथा अपर पुलिस अधीक्षक उत्तम सिंह नेगी ने मुकेश पाल को सम्मानित किया। अधिकारियों ने कहा कि उनकी मेहनत और समर्पण पूरे पुलिस बल के लिए प्रेरणा है।
उन्होंने कहा कि खेलों में इस तरह की उपलब्धियां पुलिस कर्मियों के शारीरिक फिटनेस, अनुशासन और मनोबल को मजबूत करने का काम करती हैं। मुकेश पाल की सफलता से विभाग के अन्य जवानों और युवा खिलाड़ियों को भी राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलेगी।
उत्तराखंड पुलिस के खिलाड़ियों द्वारा लगातार राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया जा रहा है और मुकेश पाल का यह रजत पदक उसी कड़ी की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उनकी सफलता पर पुलिस विभाग में खुशी का माहौल है और उन्हें भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दी गई हैं।
