IMG-20260603-WA0069
  • सीबीएसई क्षेत्रीय कार्यालय के बाहर प्रदर्शन, कांग्रेस बोली- परीक्षाओं में गड़बड़ी से लाखों युवाओं के भविष्य पर संकट

देहरादून। नीट परीक्षा विवाद को लेकर देशभर में जारी सियासी घमासान के बीच उत्तराखंड में भी कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। नीट पेपर लीक मामले, सीबीएसई परीक्षा मूल्यांकन से जुड़ी शिकायतों और सीयूईटी परीक्षा में कथित गड़बड़ियों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने देहरादून के कौलागढ़ रोड स्थित सीबीएसई क्षेत्रीय कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाने की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही गड़बड़ियां देश के लाखों छात्रों और उनके परिवारों के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं।

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार युवाओं के भविष्य से जुड़े इतने गंभीर विषय पर जवाबदेही तय करने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि नीट जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा, जिसके माध्यम से देश के युवा डॉक्टर बनने का सपना देखते हैं, उससे जुड़े विवाद ने पूरी परीक्षा प्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

धस्माना ने कहा कि जब परीक्षा से जुड़े मामले सामने आए तो केंद्रीय शिक्षा मंत्री को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए था। उन्होंने आरोप लगाया कि केवल नीट ही नहीं बल्कि अन्य परीक्षाओं में भी पारदर्शिता को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं।

कांग्रेस नेताओं ने सीबीएसई परीक्षा परिणाम और उत्तर पुस्तिकाओं से जुड़ी शिकायतों का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना था कि जिन विद्यार्थियों ने पूरे साल मेहनत की, उनके मन में यदि परीक्षा व्यवस्था को लेकर संदेह पैदा होता है तो यह बेहद गंभीर विषय है।

कांग्रेस ने कहा कि केंद्रीय विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा (सीयूईटी) में आई दिक्कतों ने भी छात्रों की परेशानी बढ़ाई है। पार्टी नेताओं ने मांग की कि सरकार परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी बनाने के लिए ठोस कदम उठाए और जिम्मेदारी तय करे।

कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर पार्टी आवाज उठाती रहेगी।

error: Content is protected !!