तीन घायलों को किया एयरलिफ्ट, AIIMS ऋषिकेश रेफर
चमोली। उत्तराखंड में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। चमोली जिले के देवाल विकासखंड के दूरस्थ ल्वाणी गांव के पास शनिवार सुबह हुए एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया। देहरादून से पार्थिव शरीर लेकर लोहाजंग के बांक गांव जा रही एक निजी एम्बुलेंस अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
इस हादसे की सबसे मार्मिक बात यह है कि जिस एम्बुलेंस में एक मृतक का पार्थिव शरीर अंतिम संस्कार के लिए गांव लाया जा रहा था, वही रास्ते में दुर्घटनाग्रस्त हो गई और परिवार के तीन अन्य सदस्य भी काल के गाल में समा गए।
जानकारी के अनुसार ग्राम बांक, लोहाजंग निवासी स्वर्गीय भजन सिंह का देहरादून में उपचार के दौरान निधन हो गया था। उनके पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए गांव लाया जा रहा था। बलबीर सिंह अपने परिजनों के साथ निजी एम्बुलेंस से देहरादून से बांक गांव लौट रहे थे। शनिवार सुबह ल्वाणी गांव के पास पहुंचते ही वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण, पुलिस और डीडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची तथा तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। रेस्क्यू टीम ने खाई में उतरकर घायलों को बाहर निकाला और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवाल पहुंचाया।
दुर्घटना में बलबीर सिंह (52 वर्ष), उनकी पत्नी शांति देवी (48 वर्ष) और पुत्र आंशु बिष्ट (18 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कविता देवी (32 वर्ष), मयंक सिंह (8 वर्ष) और रोशनी (18 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों घायलों को हेली सेवा के माध्यम से AIIMS ऋषिकेश रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि घायलों की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
थराली थानाध्यक्ष विनोद चौरसिया ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना शनिवार सुबह हुई। प्रारंभिक जांच में चालक को नींद की झपकी आने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
क्षेत्रीय विधायक भूपाल राम टम्टा ने बताया कि घायलों के बेहतर उपचार के लिए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से तत्काल समन्वय किया गया और उन्हें एयर एम्बुलेंस के माध्यम से उच्च चिकित्सा केंद्र भेजने की व्यवस्था की गई।
एक ओर गांव में स्वर्गीय भजन सिंह के अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही थी, वहीं दूसरी ओर इस हादसे की खबर ने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया। एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से बांक गांव समेत पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
