thumbnail ssp
  • ऊधमसिंहनगर पुलिस का बड़ा एक्शन, उत्तराखंड में पहली बार FIR
  • Wrong Side चलाने वाले दो भारी वाहन चालकों पर दर्ज हुए मुकदमे

रूद्रपुर। रॉन्ग साइड वाहन चलाकर सड़क पर आम लोगों की जान जोखिम में डालने वालों के खिलाफ अब सिर्फ चालान नहीं, बल्कि सीधे मुकदमा दर्ज होगा। ऊधमसिंहनगर पुलिस ने इस दिशा में बड़ा और ऐतिहासिक कदम उठाते हुए उत्तराखंड में पहली बार Wrong Side वाहन संचालन को गंभीर आपराधिक लापरवाही मानते हुए दो भारी वाहन चालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति के सख्त निर्देशों के बाद जिले में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर बड़े स्तर पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। आए दिन Wrong Side वाहन संचालन के कारण होने वाले हादसों को देखते हुए अब पुलिस ने साफ कर दिया है कि सड़क पर मनमानी करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सड़क पर आमजन की जान खतरे में डालने वाले वाहन चालकों के खिलाफ केवल चालानी कार्रवाई तक सीमित न रहकर आवश्यकता पड़ने पर कठोर वैधानिक कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज किया जाए।

पुलिस की यह कार्रवाई इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि जिले में लगातार Wrong Side वाहन संचालन, ओवरस्पीडिंग और लापरवाहीपूर्ण ड्राइविंग के कारण दुर्घटनाएं बढ़ रही थीं। खासकर भारी वाहन चालक नियमों की खुलेआम अनदेखी कर सड़क को हादसों का मैदान बना रहे थे।

राँग साइड डंपर चलाने वाले चालक पर मुकदमा

27 मई 2026 की देर रात थाना पंतनगर क्षेत्र अंतर्गत हल्द्वानी मोड़ टांडा तिराहे पर पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक डंपर संख्या UK04CB-3220 विपरीत दिशा से बेहद खतरनाक तरीके से आता दिखाई दिया। चालक की लापरवाही से सड़क पर चल रहे अन्य वाहन चालकों और राहगीरों की जान खतरे में पड़ गई थी।

पुलिस टीम ने तत्काल वाहन को रुकवाकर चालक मोहित सिंह पुत्र मोहन सिंह निवासी ग्राम खेड़ा कुंवरपुर, थाना काठगोदाम, जिला नैनीताल के खिलाफ थाना पंतनगर में FIR संख्या 101/2026 धारा 281 बीएनएस और धारा 184(E) मोटर वाहन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया।

टिप्पर चालक पर भी FIR

इसी प्रकार एक अन्य मामले में टिप्पर संख्या UK04CB-1076 को Wrong Side तेज रफ्तार में चलाते हुए पकड़ा गया। चालक द्वारा सड़क सुरक्षा को गंभीर खतरे में डाला जा रहा था। पुलिस ने वाहन को रोककर चालक पवन सिंह पुत्र मदन सिंह निवासी बिन्दुखत्ता, इन्द्रा नगर-01, थाना लालकुआं, जिला नैनीताल के खिलाफ FIR संख्या 102/2026 दर्ज की।

एसएसपी अजय गणपति का साफ संदेश

एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि Wrong Side वाहन चलाना केवल यातायात नियमों का उल्लंघन नहीं, बल्कि लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ है। ऊधमसिंहनगर पुलिस सड़क सुरक्षा को लेकर पूरी तरह गंभीर है और जो भी व्यक्ति सड़क पर लापरवाही कर आमजन की जान खतरे में डालेगा, उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रही और सख्ती से नियमों का पालन कराया गया तो निश्चित रूप से जिले में यातायात व्यवस्था सुधरेगी और सड़क हादसों में भी कमी आएगी।

error: Content is protected !!