- गरीबों के हक पर डाका डालने वालों पर सख्त कार्रवाई, राशन माफियाओं में मचा हड़कंप
रुद्रपुर। ऊधमसिंहनगर में गरीबों के राशन में गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ जिला पूर्ति विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। जिला पूर्ति अधिकारी विनोद चंद तिवारी के निर्देश पर रुद्रपुर और गदरपुर क्षेत्र में चलाए गए औचक निरीक्षण अभियान में कई सस्ती गल्ला दुकानों पर गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। प्रारंभिक जांच के बाद पांच दुकानों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
जांच के दौरान विभागीय टीम ने स्टॉक रजिस्टर, वितरण रजिस्टर और ई-पॉश मशीन के रिकॉर्ड का मिलान किया, जिसमें भारी अंतर पाया गया। कई लाभार्थियों ने शिकायत की कि रिकॉर्ड में राशन वितरण दर्शाया गया, लेकिन उन्हें पूरा राशन नहीं मिला। कुछ दुकानों पर कम तौल, रिकॉर्ड में हेराफेरी और निर्धारित मूल्य सूची प्रदर्शित न करने जैसी खामियां भी मिलीं।
जिला पूर्ति अधिकारी विनोद तिवारी ने कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली में भ्रष्टाचार और कालाबाजारी किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गरीबों के हक का राशन बाजार में बेचने वालों के खिलाफ लाइसेंस निरस्तीकरण के साथ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई से जिले भर के राशन विक्रेताओं में हड़कंप मचा हुआ है। वहीं आम लोगों और पात्र लाभार्थियों ने विभाग की सख्ती का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि अब उन्हें समय पर पूरा राशन मिल सकेगा।
