ipl 02

254 रन का पहाड़ खड़ा कर बेंगलुरु ने गुजरात टाइटन्स को 92 रन से रौंदा, राहुल तेवतिया की जुझारू पारी भी नहीं बचा सकी टीम

आईपीएल 2026 के पहले क्वालिफायर में धर्मशाला का एचपीसीए स्टेडियम मंगलवार रात एक ऐतिहासिक मुकाबले का गवाह बना, जहां गत चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने विस्फोटक बल्लेबाजी और धारदार गेंदबाजी के दम पर गुजरात टाइटन्स को 92 रन से करारी शिकस्त देकर लगातार दूसरी बार आईपीएल फाइनल में जगह पक्की कर ली।

रनों और रोमांच से भरपूर इस मुकाबले में बेंगलुरु के कप्तान रजत पाटीदार ने ऐसी कप्तानी पारी खेली जिसने गुजरात के गेंदबाजों की पूरी रणनीति तहस-नहस कर दी। महज 33 गेंदों पर 93 रन की उनकी विस्फोटक नाबाद पारी ने मैच को एकतरफा बना दिया। धर्मशाला की ठंडी रात में पाटीदार का बल्ला आग उगलता नजर आया और हर शॉट के साथ स्टेडियम “आरसीबी-आरसीबी” के नारों से गूंज उठा।

पाटीदार के तूफान में उड़ गई गुजरात की गेंदबाजी

टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी गुजरात टाइटन्स ने शुरुआत में कुछ हद तक मुकाबले में पकड़ बनाने की कोशिश की। वेंकटेश अय्यर 19 रन बनाकर कगिसो रबाडा का शिकार बने, लेकिन इसके बाद विराट कोहली और देवदत्त पडिक्कल ने पारी को शानदार तरीके से संभाला। दोनों के बीच 72 रनों की साझेदारी ने बेंगलुरु को मजबूत मंच दिया। कोहली ने 43 रन और पडिक्कल ने 30 रन की तेज पारियां खेलीं।

हालांकि जेसन होल्डर ने एक ही ओवर में दोनों बल्लेबाजों को आउट कर गुजरात की वापसी कराने की कोशिश की, लेकिन इसके बाद मैदान पर जो हुआ उसने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। कप्तान रजत पाटीदार ने क्रुणाल पांड्या के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 95 रन की विस्फोटक साझेदारी कर गुजरात के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दीं।

पाटीदार को 14वें ओवर में प्रसिद्ध कृष्णा की गेंदों पर दो जीवनदान मिले और गुजरात की यही गलती उस पर बेहद भारी पड़ गई। इसके बाद पाटीदार ने राशिद खान, कुलवंत खेजरोलिया और रबाडा जैसे अनुभवी गेंदबाजों पर लगातार प्रहार शुरू कर दिया। खासतौर पर कुलवंत के एक ओवर में नो-बॉल, वाइड और खराब क्षेत्ररक्षण की मदद से कुल 28 रन आए, जिसने गुजरात की कमर तोड़ दी।

क्रुणाल पांड्या ने भी 28 गेंदों पर 43 रन बनाकर अहम योगदान दिया, जबकि आखिर में जितेश शर्मा ने सिर्फ पांच गेंदों पर 15 रन जड़कर टीम को 20 ओवर में 254/5 के विशाल स्कोर तक पहुंचा दिया। यह आईपीएल प्लेऑफ इतिहास के सबसे बड़े स्कोरों में शामिल हो गया।

51 रन पर आधी टीम आउट… गुजरात की शर्मनाक शुरुआत

255 रन के पहाड़ जैसे लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटन्स की शुरुआत किसी बुरे सपने से कम नहीं रही। पावरप्ले के भीतर ही टीम ने पांच विकेट गंवा दिए और मुकाबला वहीं लगभग समाप्त हो गया।

साई सुदर्शन 14 रन बनाकर हिट विकेट आउट हुए तो कप्तान शुभमन गिल सिर्फ 2 रन बनाकर भुवनेश्वर कुमार की गेंद पर बोल्ड हो गए। जोस बटलर ने कुछ आक्रामक शॉट जरूर लगाए, लेकिन 29 रन बनाकर वह भी पवेलियन लौट गए। इसके बाद निशांत सिंधु, जेसन होल्डर और वॉशिंगटन सुंदर भी जल्दी आउट हो गए।

महज 51 रन पर पांच विकेट गिरने के बाद गुजरात की बल्लेबाजी पूरी तरह बिखर गई। टीम का निचला क्रम “तू चल मैं आया” की तर्ज पर आउट होता चला गया। हालांकि प्रभावशाली खिलाड़ी के तौर पर उतरे राहुल तेवतिया ने अकेले मोर्चा संभालने की कोशिश की और 43 गेंदों पर 68 रन की जुझारू पारी खेली। उन्होंने नौवें विकेट के लिए मोहम्मद सिराज के साथ 68 रन जोड़कर हार का अंतर कम करने का प्रयास किया, लेकिन बेंगलुरु के विशाल स्कोर के सामने उनका संघर्ष नाकाफी साबित हुआ।

गेंदबाजों ने भी दिखाया दम

बेंगलुरु की जीत में बल्लेबाजों के साथ गेंदबाजों ने भी शानदार योगदान दिया। जैकब डफी ने तीन विकेट झटके, जबकि भुवनेश्वर कुमार, रासिख सलाम डार और क्रुणाल पांड्या को दो-दो सफलताएं मिलीं। जोश हेजलवुड ने भी अहम विकेट हासिल किया।

गुजरात की पूरी टीम 19.3 ओवर में 162 रन पर सिमट गई और बेंगलुरु ने 92 रन की धमाकेदार जीत दर्ज कर फाइनल का टिकट कटाया।

पांचवीं बार फाइनल में पहुंची बेंगलुरु

इस जीत के साथ रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने आईपीएल इतिहास में पांचवीं बार फाइनल में जगह बनाई है। इससे पहले टीम 2009, 2011, 2016 और 2025 में फाइनल खेल चुकी है। पिछले सीजन पंजाब किंग्स को हराकर पहली बार खिताब जीतने वाली बेंगलुरु अब लगातार दूसरा खिताब जीतने से सिर्फ एक कदम दूर है।

वहीं गुजरात टाइटन्स के पास अभी भी फाइनल में पहुंचने का एक और मौका बचा है। अब उसे 29 मई को मुल्लांपुर में खेले जाने वाले दूसरे क्वालिफायर में एलिमिनेटर मुकाबले की विजेता टीम — सनराइजर्स हैदराबाद या राजस्थान रॉयल्स — से भिड़ना होगा।

error: Content is protected !!