- खटीमा-नानकमत्ता क्षेत्र में चल रहा था नेटवर्क: एसएसपी
उधमसिंहनगर। जिले में कथित धर्म परिवर्तन कराने के मामले में उधमसिंहनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों पर गरीब, अशिक्षित और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को लालच, सहायता और भय दिखाकर ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित करने के आरोप हैं। मामले में खटीमा कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था।
एसएसपी मणिकांत मिश्रा के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने लगातार निगरानी और छापेमारी के बाद चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन सहित कई आपत्तिजनक सामग्री और डिजिटल साक्ष्य भी बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों द्वारा प्रार्थना सभाओं, धार्मिक बैठकों और आर्थिक सहायता के नाम पर लोगों को प्रभावित किया जा रहा था। जांच में यह भी सामने आया कि कथित तौर पर लोगों को बीमारी ठीक होने, आर्थिक संकट दूर होने और पारिवारिक समस्याएं खत्म होने का भरोसा देकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया जाता था।
ऐसे हुआ मामले का खुलासा
पुलिस के अनुसार 23 मई 2026 को खटीमा क्षेत्र निवासी एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके पति और अन्य लोग उस पर ईसाई धर्म अपनाने का दबाव बना रहे हैं। विरोध करने पर गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और बच्चों को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी गई।
इसी आधार पर कोतवाली खटीमा में मुकदमा अपराध संख्या 151/2026 धारा 196(2), 351(2), 352, 115(2), 299 बीएनएस एवं 3/5 उत्तराखंड धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।
जांच के दौरान पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि आरोपी गरीब और अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों को निशाना बनाकर उन्हें आर्थिक मदद, इलाज और अन्य सुविधाओं का लालच दे रहे थे।
पुलिस ने क्या बरामद किया
पुलिस ने आरोपी दान सिंह राणा के कब्जे से एक मोबाइल फोन बरामद किया। मोबाइल की जांच में कथित रूप से प्रार्थना सभाओं के फोटो-वीडियो, धर्म परिवर्तन से संबंधित सामग्री, पैसों के लेनदेन के स्क्रीनशॉट और ऑडियो रिकॉर्डिंग मिली हैं।
इसके अलावा पुलिस को कुछ दस्तावेज और बच्चों के आधार कार्ड से जुड़ी सामग्री भी मिली है। पुलिस इन सभी डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी
दान सिंह राणा पुत्र चमन सिंह राणा निवासी मोहम्मदपुर भड़िया, थाना खटीमा, उम्र 54 वर्ष
जय सिंह पुत्र प्रताप सिंह राणा निवासी कुटरी चकरपुर, थाना खटीमा, उम्र 36 वर्ष
देवकी राणा पत्नी जय सिंह राणा निवासी कुटरी चकरपुर, थाना खटीमा, उम्र 32 वर्ष
सुनील जॉर्ज पास्टर उर्फ सुनील जॉर्ज मसीह पुत्र तरसेम सिंह निवासी भूड़ महोलिया, थाना खटीमा, उम्र 52 वर्ष
आरोपी दान सिंह राणा का आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार आरोपी दान सिंह राणा के खिलाफ पहले भी कई मुकदमे दर्ज हैं—
FIR No. 140/2026 धारा 196(2)/302 बीएनएस, थाना खटीमा
FIR No. 151/2026 धारा 196(2)/351(2)/352/115(2)/61(2)/299 बीएनएस एवं 3/5 धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम
FIR No. 95/2026 धारा 351(2)/61(2) बीएनएस एवं 3/5 धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम, थाना नानकमत्ता
एसएसपी का बयान
एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने कहा कि उधमसिंहनगर पुलिस जनपद में कानून व्यवस्था और सभी वर्गों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। किसी भी व्यक्ति द्वारा लालच, भय, दबाव या धोखे से धर्म परिवर्तन कराने का प्रयास किया जाएगा तो उसके खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि गरीब और भोले-भाले लोगों का शोषण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
गिरफ्तारी करने वाली टीम
कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक विनोद सिंह महर, एसआई विकास कुमार, एसआई अशोक काण्डपाल, कांस्टेबल मोहसिन, कांस्टेबल नरेंद्र लाल टट्टा, कांस्टेबल कमल पाल और महिला कांस्टेबल पूजा जोशी शामिल रहीं।
