- ध्रुव, आयुष्मान और उद्यान बने ‘बेस्ट सिंगर’,
- विजेताओं पर पुरस्कारों की हुई जमकर बारिश
रूद्रपुर। लोक रचना समिति द्वारा आयोजित स्कूली बच्चों की भव्य गायन प्रतियोगिता के सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले में नन्हे कलाकारों ने अपने सुरों का ऐसा जादू बिखेरा कि पूरा सभागार देर तक तालियों की गूंज से सराबोर रहा। होटल रुद्रा कॉन्टीनेंटल में आयोजित इस संगीतमय महासंग्राम में शहर और आसपास के विभिन्न स्कूलों से पहुंचे बच्चों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां देकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रतियोगिता में कुल 30 प्रतिभागियों ने अपनी गायन प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिनमें से अलग-अलग आयु वर्गों में विजेताओं का चयन कर उन्हें आकर्षक ट्रॉफी, नकद पुरस्कार और विशेष उपहार देकर सम्मानित किया गया।

लोक रचना समिति की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के लिए पूर्व में आयोजित ऑडिशन में करीब 110 बच्चों ने हिस्सा लिया था। कड़े चयन के बाद तीन वर्गों से 30 प्रतिभागियों को सेमीफाइनल के लिए चुना गया। सेमीफाइनल मुकाबले का शुभारम्भ शील चंद एग्रो ग्रुप के एमडी मोहन गोयल और एमेनिटी पब्लिक स्कूल के एमडी सुभाष अरोड़ा ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद फाइनल मुकाबले में मुख्य अतिथि के रूप में महापौर विकास शर्मा, विशिष्ट अतिथि के रूप में आरएएन स्कूल के प्रबंधक मोहित राय एवं होली चाइल्ड स्कूल के प्रबंधक विकास बत्रा मौजूद रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता कोलंबस पब्लिक स्कूल के प्रबंधक मनोज खेड़ा ने की।

सेमीफाइनल दौर में प्रतिभागियों के शानदार प्रदर्शन के आधार पर 15 बच्चों ने फाइनल में जगह बनाई। फाइनल मुकाबले में प्रतिभागियों ने “दिल तुम बिन कहीं लगता नहीं”, “तूने ओ रंगीला कैसे जादू किया”, “हमें तुमसे प्यार कितना”, “एक राधा एक मीरा”, “नैनों में बदरा छाए” और “हमें और जीने की चाहत ना होती” जैसे सदाबहार गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर माहौल को पूरी तरह संगीतमय बना दिया।

कड़े मुकाबले के बाद सीनियर वर्ग में ध्रुव को ‘बेस्ट सिंगर’ का खिताब दिया गया। इसी वर्ग में जय दूसरे और साई तीसरे स्थान पर रहे। जूनियर वर्ग में आयुष्मान ने शानदार प्रस्तुति देकर ‘बेस्ट सिंगर’ का खिताब अपने नाम किया, जबकि आस्तिक दूसरे और आराध्या तीसरे स्थान पर रहीं। सब जूनियर वर्ग में उद्यान ने अपनी सुरीली आवाज से निर्णायकों को प्रभावित कर ‘बेस्ट सिंगर’ का सम्मान हासिल किया। इस वर्ग में आरव दूसरे और नैन्सी तीसरे स्थान पर रहीं।
मुख्य निर्णायक की भूमिका में सुजाता नारंग और शैली बंसल मौजूद रहीं, जिन्होंने प्रतिभागियों की प्रस्तुति का निष्पक्ष मूल्यांकन किया। मंच संचालन मोहित बत्रा और भविष्य ढींगरा ने संयुक्त रूप से किया।
समापन समारोह को संबोधित करते हुए महापौर विकास शर्मा ने लोक रचना समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों की छिपी प्रतिभा को मंच देने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसी मंच से निकली कई प्रतिभाएं राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचकर शहर का नाम रोशन कर चुकी हैं। आरएएन स्कूल के एमडी मोहित राय ने भी बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए संगीत और कला के महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम संयोजक केवल कृष्ण बत्रा ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, अभिभावकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समिति भविष्य में भी बच्चों और युवाओं की प्रतिभाओं को मंच देने के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से वरिष्ठ समाजसेवी सुधांशु गाबा, वरिष्ठ उद्योगपति अशोक अदलखा, वरिष्ठ समाजसेवी ताराचंद अग्रवाल, सुषमा अग्रवाल, शैली फुटेला, गौरव ज्वेल, पारस चुघ, अजय चड्ढा, उत्तरांचल दर्पण के संपादक परमपाल सुखीजा, व्यापार मंडल के पूर्व महामंत्री हरीश अरोड़ा, युवा व्यापार मंडल के पूर्व महामंत्री पवन गाबा पली, राजीव अनेजा सहित बड़ी संख्या में संगीत प्रेमी, विभिन्न स्कूलों के शिक्षक एवं अभिभावक मौजूद रहे।
विजेताओं पर पुरस्कारों की हुई बारिश
प्रतियोगिता में विजेता बच्चों पर पुरस्कारों की जमकर बौछार हुई। शील चंद एग्रो ग्रुप की ओर से प्रत्येक वर्ग के विजेता, उपविजेता एवं फर्स्ट रनर अप को 2100 रुपये नकद पुरस्कार प्रदान किए गए। वहीं आरएएन पब्लिक स्कूल के एमडी मोहित राय की ओर से प्रत्येक वर्ग के विजेता बच्चों के संगीत शिक्षकों को 2500 रुपये नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
होटल सोनिया की ओर से प्रत्येक वर्ग के विजेताओं को चार लोगों के लिए डिनर पैकेज दिया गया। होटल अर्क की ओर से सीनियर वर्ग के विजेता और होटल अंबर की ओर से सब जूनियर वर्ग के विजेता को विशेष डिनर पैकेज प्रदान किए गए। स्वर्गीय बलीराम खेड़ा की स्मृति में कोलंबस पब्लिक स्कूल के प्रबंधक मनोज खेड़ा द्वारा विजेताओं, उपविजेताओं और फर्स्ट रनर अप प्रतिभागियों को आकर्षक ट्रॉफियां प्रदान की गईं।
रुद्रा म्यूजिक अकादमी की ओर से भी विजेताओं को ट्रॉफियां दी गईं तथा सेमीफाइनल तक पहुंचे सभी प्रतिभागियों को एक माह का निःशुल्क संगीत प्रशिक्षण देने की घोषणा की गई। इसके अलावा विशांत भसीन द्वारा नौ बच्चों को 18 मूवी टिकट प्रदान किए गए, जबकि तीन भाग्यशाली बच्चों को प्रसिद्ध यूट्यूबर Sourav Joshi से मुलाकात का सुनहरा अवसर भी मिलेगा।
