- पांच दिवसीय शिविर में स्वास्थ्य जागरूकता, राष्ट्रभक्ति और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों का किया गया मार्गदर्शन
रूद्रपुर। भारत विकास परिषद् रूद्रपुर शाखा द्वारा सरस्वती विद्या मंदिर में 11 मई से आयोजित पंच दिवसीय “बाल संस्कार शिविर” उत्साह, संस्कार और ज्ञानवर्धक गतिविधियों के साथ सम्पन्न हुआ। शिविर का उद्देश्य बच्चों में राष्ट्रभक्ति, स्वास्थ्य जागरूकता, रचनात्मकता और आत्मविश्वास का विकास करना रहा। पांच दिनों तक चले शिविर में बच्चों ने विभिन्न गतिविधियों में बढ़ चढ़कर प्रतिभाग किया।

शिविर के प्रत्येक दिवस का शुभारम्भ स्वामी विवेकानन्द और भारत माता के चित्र पर पुष्पार्पण तथा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस दौरान बच्चों ने “वन्दे मातरम्” और “देश हमें देता है सब कुछ” जैसे देशभक्ति गीतों का सामूहिक गायन कर वातावरण को राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत कर दिया।
शिविर के प्रथम दिवस पर डॉ अनीता महाजन ने बच्चों को पीसीओडी, ल्यूकोरिया और एनीमिया जैसी स्वास्थ्य समस्याओं के प्रति जागरूक किया। वहीं 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन से चांदनी रावत ने बच्चों को शोषण से बचाव और सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। आर्ट एंड क्राफ्ट सत्र में माही मैडम ने बच्चों को वेस्ट बोतल डेकोरेशन बनाना सिखाया।
द्वितीय दिवस पर डाइटीशियन दीप्ति सलूजा ने पौष्टिक आहार, आयरन और विटामिन की कमी तथा संतुलित भोजन के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान बच्चों को पत्थरों की सजावट जैसी रचनात्मक गतिविधियों से भी जोड़ा गया।
तृतीय दिवस पर काउंसलर वैभव सर ने बच्चों को अपनी प्रतिभा पहचानने और भविष्य निर्माण के लिए सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। वहीं सौरभ पाल और सौरभ सर ने बच्चों को पुराने अखबारों से आकर्षक फोटो फ्रेम तैयार करना सिखाया।
चतुर्थ दिवस पर बच्चों ने संस्कारात्मक, शैक्षणिक और मनोरंजक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक सहभागिता की। खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों का उत्साहवर्धन किया गया और उनमें टीम भावना विकसित करने का प्रयास किया गया।
शिविर के अंतिम दिवस आयोजित एनीमिया शिविर में भारत पैथ लैब के सहयोग से 127 बालिकाओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श भी दिए गए।
शिविर के दौरान शाखा अध्यक्ष आनंद अग्रवाल, प्रांतीय अध्यक्ष मनोज अरोरा, प्रांतीय संयोजक विष्णु सक्सेना, प्रांतीय कोषाध्यक्ष अमित गंभीर, शाखा सचिव राजेश सलूजा सहित अनेक पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे। महिला सहभागिता में नीतू अग्रवाल, पारूल गुप्ता, रेखा अरोरा, रीना अग्रवाल, कविता बंसल, प्रियंका अग्रवाल, लवी जैन सहित अनेक मातृशक्ति सदस्यों का विशेष सहयोग रहा।
