IMG-20260518-WA0004
  • नशे में डायल 112 पर बार बार कॉल कर फैलाई दहशत

हरिद्वार । डायल 112 पर फोन कर हरिद्वार को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले आरोपी को पुलिस ने 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी बार बार फोन कर हरकी पैड़ी समेत कई स्थानों को बम से उड़ाने की धमकी दे रहा था। साथ ही पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता करते हुए राज्य के कई बड़े नेताओं के नाम लेकर गाली गलौज भी कर रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है।

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि 17 मई की रात सिटी कंट्रोल रूम हरिद्वार के डायल 112 पर एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर आगामी चार दिनों के भीतर हरिद्वार में बम विस्फोट करने की धमकी दी थी। आरोपी ने फोन पर अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए देश और राज्य के मुख्य पदाधिकारियों के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणियां भी कीं। इतना ही नहीं आरोपी ने कॉल रिसीव करने वाली महिला पुलिस कर्मचारियों के साथ भी अभद्रता की।

बताया गया कि आरोपी लगातार फोन कर हरकी पैड़ी समेत विभिन्न स्थानों को बम से उड़ाने की धमकी देता रहा, जिससे पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही हरकी पैड़ी और अन्य संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा बढ़ा दी गई। मामले में तत्काल अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

नगर कोतवाली में तैनात एसएसआई गोपाल दत्त भट्ट को मामले की जांच सौंपी गई। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए धमकी देने वाले मोबाइल नंबर को ट्रेस किया, जिसके आधार पर आरोपी की पहचान सोहन सिंह रावत पुत्र मदन सिंह रावत निवासी ग्राम पाटा थाना यमकेश्वर जिला पौड़ी गढ़वाल उम्र 30 वर्ष के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी को रोडीबेलवाला क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अत्यधिक शराब के नशे में डायल 112 पर कॉल कर झूठी और भ्रामक सूचना देने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार आरोपी का कोई आपराधिक इतिहास सामने नहीं आया है। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि आरोपी नशे का आदी है और उसी हालत में उसने यह हरकत की। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

error: Content is protected !!