Videoshot_20260514_122606
  • दमकल विभाग समेत कई कंपनियों के फायर वाहन घंटों तक आग बुझाने में जुटे रहे

रूद्रपुर। ग्राम छतरपुर में बृहस्पतिवार सुबह एक पार्ट्स एवं स्क्रैप गोदाम में भीषण आग लगने से अफरा तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वहां रखा भारी मात्रा में स्क्रैप, ऑटो पार्ट्स और अन्य सामान जलकर राख हो गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार हादसे में करोड़ों रुपये का नुकसान बताया जा रहा है। सूचना मिलने पर दमकल विभाग, सिडकुल की विभिन्न कंपनियों के फायर ब्रिगेड वाहन और पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया।

जानकारी के अनुसार ग्राम छतरपुर निवासी प्रेम मौर्य की भूमि को किराये पर लेकर ओमेक्स कॉलोनी निवासी व्यवसायी कमल अरोरा द्वारा पार्ट्स एवं स्क्रैप का गोदाम संचालित किया जा रहा था। गोदाम में बड़ी मात्रा में स्क्रैप और वाहन पार्ट्स का भंडारण किया गया था। बृहस्पतिवार सुबह करीब आठ बजे अचानक गोदाम से धुआं उठता दिखाई दिया और कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि गोदाम में मौजूद कर्मचारियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

गोदाम में मौजूद कर्मचारियों ने सबसे पहले ट्यूबवेल, मोटर और अग्निशमन यंत्रों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग लगातार बढ़ती चली गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर एकत्र हो गए। गोदाम स्वामी प्रेम मौर्य और व्यवसायी कमल अरोरा भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गए।

आग की सूचना पर सिडकुल चौकी पुलिस, फायर ब्रिगेड और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। आग की गंभीरता को देखते हुए सिडकुल क्षेत्र की कई बड़ी कंपनियों के दमकल वाहनों को भी बुलाया गया। टाटा मोटर्स, बजाज, हिंदुस्तान जिंक, अशोक लीलैंड, महिंद्रा और टीसीएस लालपुर समेत कई उद्योगों के फायर वाहन मौके पर पहुंचे और लगातार पानी की बौछार कर आग बुझाने में जुटे रहे। बताया गया कि समाचार लिखे जाने तक दमकल वाहनों द्वारा कई कई राउंड पानी डालकर आग पर नियंत्रण पाने का प्रयास किया जा रहा था।

घटना की जानकारी मिलने पर समाजसेवी सुशील गाबा भी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। स्थानीय पटवारी और प्रशासनिक अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है।

फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है, हालांकि प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन द्वारा मामले की जांच शुरू कर दी गई है। घटना के बाद क्षेत्र में काफी देर तक अफरा तफरी का माहौल बना रहा।

error: Content is protected !!