रुद्रपुर। जनपद ऊधमसिंहनगर में धर्मांतरण से जुड़े मामलों को लेकर पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में जनपद पुलिस द्वारा धर्मांतरण जैसे संवेदनशील मामलों में गंभीरता के साथ कार्रवाई की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि लालच, भय, दबाव अथवा झूठे प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराने का प्रयास करने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
हाल ही में जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में धर्मांतरण से जुड़े तीन मामले सामने आए हैं, जिनमें पुलिस ने मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पहले मामले में वादी रामपाल ने कोतवाली खटीमा में तहरीर देकर आरोप लगाया कि जय सिंह राणा, द्रोपती राणा एवं पास्टर सुनील जार्ज द्वारा प्रार्थना सभाओं के माध्यम से हिंदू धर्म के विरुद्ध दुष्प्रचार किया जा रहा था। आरोप है कि बीमारी ठीक करने का झांसा तथा आर्थिक सहायता का लालच देकर परिवार पर ईसाई धर्म अपनाने का दबाव बनाया गया। पुलिस ने मामले में कोतवाली खटीमा में अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है।
दूसरे मामले में वादी सोहन सिंह ने थाना नानकमत्ता में तहरीर देकर बताया कि गौरी सिंह एवं उसके अन्य साथियों द्वारा गांव में चर्चनुमा ढांचा बनाकर मसीह धर्म का प्रचार किया जा रहा था। आरोप है कि धर्म परिवर्तन के बदले पांच लाख रुपये का प्रलोभन दिया गया तथा परिवार को डराने धमकाने का प्रयास किया गया। इस मामले में उत्तराखंड धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
तीसरे प्रकरण में वादी अंकित सिंह राणा ने आरोप लगाया कि पास्टर दान सिंह राणा द्वारा थारू समाज के लोगों को गुमराह करते हुए हिंदू धर्म के प्रति नफरत फैलाने का प्रयास किया जा रहा था। आरोप है कि सामाजिक भेदभाव समाप्त करने के नाम पर झूठे प्रलोभन देकर लोगों को ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। इस मामले में भी कोतवाली खटीमा में अभियोग पंजीकृत कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने इन सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष एवं प्रभावी जांच के लिए एसआईटी गठित करने के निर्देश दिए हैं। एसआईटी का पर्यवेक्षण पुलिस उपाधीक्षक विभव सैनी करेंगे। टीम में संबंधित मामलों के विवेचक, थाना प्रभारी तथा एसओजी की सर्विलांस टीम को शामिल किया जाएगा। जनपद पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी भी व्यक्ति द्वारा भय, दबाव, धोखाधड़ी अथवा लालच देकर धर्म परिवर्तन कराने का प्रयास किया जाता है तो तत्काल पुलिस को सूचना दें।
