गीत संगीत और मस्ती से सजी यादगार शाम
रुद्रपुर। ममता, त्याग और वात्सल्य की प्रतिमूर्ति ‘माँ’ के सम्मान में समर्पित ‘मदर्स डे’ के उपलक्ष्य में शहर की प्रतिष्ठित सामाजिक संस्था ‘उड़ान क्लब’ द्वारा एक भव्य एवं भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। काशीपुर रोड स्थित कोर्टयार्ड में आयोजित इस उत्सव में क्लब की सदस्यों ने न केवल बढ़-चढ़कर शिरकत की, बल्कि विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों के माध्यम से मातृत्व के इस पावन पर्व को यादगार बना दिया।

सुरमयी संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियों ने बांधा समां
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण लाइव सिंगिंग रहा, जहाँ गायक हरीश हेमलता और नीरज उप्रेती ने अपनी मधुर और सुरीली आवाज़ से कार्यक्रम में चार चाँद लगा दिए। उनके द्वारा प्रस्तुत गीतों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया और पूरा माहौल संगीत के सागर में सराबोर नज़र आया। वहीं, क्लब की सदस्य सपना, रचना और अनु की ऊर्जावान नृत्य प्रस्तुतियों ने मेहमानों को झूमने पर मजबूर कर दिया।

रोचक खेल और सरप्राइज एक्टिविटीज
मनोरंजन के क्रम को आगे बढ़ाते हुए तंबोला, पंक्चुअलिटी गेम और कई अन्य रोचक खेलों का आयोजन किया गया। मुनमुन और लवी के कुशल संचालन में खेली गई इन गतिविधियों और श्सरप्राइज गिफ्ट्सश् ने महिलाओं के उत्साह को दोगुना कर दिया। कार्यक्रम को अपनी बेहतरीन एंकरिंग और वाक्पटुता से पूजा मित्तल और निहारिका ने शुरू से अंत तक जीवंत बनाए रखा।

सम्मान और सत्कार की परंपरा
संस्था द्वारा सदस्यों के सत्कार का भी विशेष ध्यान रखा गया। रचना और नीतू ने सभी उपस्थित सदस्यों को उपहार देकर सम्मानित किया। खान-पान की जिम्मेदारी दीपिका और प्रियंका ने बखूबी निभाई, जिन्होंने मेहमानों के लिए स्वादिष्ट व्यंजनों की विशेष व्यवस्था सुनिश्चित की।
माँ का स्थान दुनिया में सर्वाेच्चः ज्योति गोयल
उड़ान क्लब की चेयरपर्सन ज्योति गोयल ने अपने संबोधन में कहा एक माँ का त्याग और समाज के निर्माण में उसका योगदान शब्दों की सीमा से परे है। माँ के बिना जीवन की कल्पना असंभव है। उन्होंने आगे कहा कि उड़ान क्लब अपनी सामाजिक जिम्मेदारी समझते हुए समय-समय पर ऐसे सांस्कृतिक और प्रेरणादायक कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा।
सकारात्मक ऊर्जा का संचार
संस्था की प्रेसिडेंट प्रिया गर्ग ने सभी माताओं को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में प्रेम और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। कार्यक्रम के अंत में उड़ान क्लब प्रबंधन द्वारा सभी गिफ्टिंग पार्टनर्स और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया, जिनके सहयोग से यह आयोजन सफल रहा।
