sssp.jpg2

10 निरीक्षकों और 29 उपनिरीक्षकों के कार्यक्षेत्र बदले

 

  • शुभम कुमार

रूद्रपुर। उधम सिंह नगर जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ व प्रभावी बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने बड़ा प्रशासनिक कदम उठाते हुए पुलिस महकमे में व्यापक फेरबदल किया है। जारी आदेश के तहत कुल 10 निरीक्षकों और 29 उपनिरीक्षकों के तबादले कर उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस बड़े स्तर के ट्रांसफर को जिले में पुलिसिंग की गुणवत्ता सुधारने और जमीनी स्तर पर सक्रियता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

जारी सूची के अनुसार निरीक्षक राजेश पाण्डेय को प्रभारी एएनटीएफ से हटाकर कोतवाली जसपुर का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है, जबकि राजेन्द्र सिंह डांगी को जसपुर से हटाकर डीसीआरबी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। भूपेन्द्र बुजवाल को डीसीआरबी से गदरपुर कोतवाली का प्रभारी बनाया गया है। इसी क्रम में संजय पाठक को गदरपुर से स्थानांतरित कर नानकमत्ता कोतवाली की कमान सौंपी गई है। धीरेन्द्र कुमार को पीआरओ पद से हटाकर कुंडा कोतवाली का प्रभारी निरीक्षक नियुक्त किया गया है।

आदेश में आगे विक्रम सिंह राठौर को कुंडा से आईटीआई कोतवाली, रवि सैनी को आईटीआई से किच्छा कोतवाली तथा प्रकाश दानू को किच्छा से रुद्रपुर कोतवाली भेजा गया है। मनोज रतूड़ी को रुद्रपुर से एएनटीएफ में तैनात किया गया है, जबकि मंजू पाण्डेय को नानकमत्ता से एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट में नई जिम्मेदारी दी गई है। इस फेरबदल में अनुभवी अधिकारियों को रणनीतिक स्थानों पर तैनात कर कार्यक्षमता बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया गया है।

उपनिरीक्षकों के स्तर पर भी बड़े पैमाने पर बदलाव किए गए हैं। कई दारोगाओं को चौकियों और थानों की जिम्मेदारी देकर फील्ड में सक्रिय किया गया है। मनोज देव को चौकी जयनगर से स्थानांतरित कर पावर हाउस कुंडा की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि हेमंत कठैत को सिडकुल क्षेत्र में चौकी प्रभारी बनाया गया है। पंकज कुमार को आईटीआई से स्थानांतरित कर नई तैनाती दी गई है। देवेंद्र सिंह मेहता को बांसफोड़ान से हटाकर अन्य चौकी में भेजा गया है, वहीं मेधा शर्मा, राकेश राय और जगदीश तिवारी को अलग-अलग चौकियों की कमान सौंपी गई है।

पुलिस लाइन में तैनात कई उपनिरीक्षकों को भी फील्ड में भेजा गया है, जिससे थानों और चौकियों पर कार्यबल मजबूत हो सके। महिला उपनिरीक्षक मीना रावत को नई जिम्मेदारी देते हुए क्षेत्रीय स्तर पर तैनात किया गया है। सुनील सिंह बिष्ट, खुशवंत सिंह और बसंत लाल टम्टा सहित कई अधिकारियों को विभिन्न कोतवालियों और थानों में भेजा गया है। पूनम रावत को केलाखेड़ा से स्थानांतरित कर ट्रांजिट कैंप कोतवाली में तैनाती दी गई है, जो संवेदनशील क्षेत्र माना जाता है।

एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट किया है कि यह व्यापक फेरबदल पूरी तरह प्रशासनिक आवश्यकताओं, कार्यकुशलता और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से किया गया है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे तत्काल नई तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करें और अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी तत्परता से करें।

error: Content is protected !!