रुद्रपुर। शहर के कैनाल कॉलोनी क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब मैदान के समीप एक लगभग 45 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों में सनसनी फैल गई और देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना पाकर एसएसआई अनिल जोशी पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल शुरू की।
जानकारी के अनुसार स्थानीय निवासी मैदान के पास से गुजर रहे थे, तब उनकी नजर किनारे पर पड़े एक व्यक्ति पर पड़ी। पास जाकर देखने पर उसके शरीर में कोई हलचल नहीं मिली, जिसके बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास के लोगों से मृतक की पहचान कराने का काफी प्रयास किया, लेकिन काफी मशक्कत के बाद भी उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस ने मृतक की तलाशी भी ली, किंतु उसके पास से ऐसा कोई दस्तावेज या पहचान पत्र बरामद नहीं हुआ जिससे उसके नाम या पते की पुष्टि हो सके।
एसएसआई अनिल जोशी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मृतक के शरीर पर चोट या किसी प्रकार के संघर्ष के कोई बाहरी निशान नहीं दिखाई दे रहे हैं, जिससे मामला फिलहाल संदिग्ध नहीं लग रहा है। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, ताकि मृत्यु के वास्तविक कारणों का सटीक पता चल सके। पुलिस प्रशासन द्वारा आसपास के क्षेत्रों में भी पूछताछ की जा रही है और हाल के दिनों में दर्ज हुई गुमशुदगी की रिपोर्टों से भी मृतक का मिलान किया जा रहा है।
