रिश्तों का कत्ल: दिल्ली में ‘शक’ की भेंट चढ़ा 22 साल का युवक; सगे भांजे ने मामा को बीच सड़क चाकू से गोदा
नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली के पश्चिम विहार वेस्ट इलाके में शनिवार सुबह रिश्तों की मर्यादा को तार-तार करने वाली एक खूनी वारदात सामने आई है। मात्र 18 साल के एक युवक ने अपनी मां के साथ ‘अवैध संबंधों’ के गहरे शक में अपने ही दूर के मामा की चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश में कई टीमें लगा दी हैं।
दक्षिण दिल्ली के मदनगीर इलाके का रहने वाला 22 वर्षीय अमन कुमार अपने भाई सुमित के साथ कारपेंटर (बढ़ई) का काम करता था। शनिवार को वह निहाल विहार स्थित अपनी ममेरी बहन से मिलने आया था। मुलाकात के बाद जब अमन अपनी बहन को साथ लेकर पश्चिम विहार की ओर निकला, तभी रास्ते में बहन के बेटे रोहित (18) ने उसे रोक लिया। इससे पहले कि अमन कुछ समझ पाता, रोहित ने उस पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। लहुलुहान हालत में अमन को संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाहरी दिल्ली के डीसीपी विक्रम सिंह के अनुसार, आरोपी रोहित को शक था कि उसके मामा अमन और उसकी मां के बीच अवैध संबंध हैं, और इसी नफरत ने उसे इस जघन्य अपराध के लिए उकसाया।
