Screenshot_37

बाजपुर: शादी की खुशियों में पड़ा खलल; डीजे पर डांस को लेकर दो पक्षों में चले लात-घूंसे, 5 पर गिरी पुलिस की गाज

बाजपुर (ऊधमसिंह नगर)। जिले के बाजपुर क्षेत्र में खुशियों के माहौल में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गांव खुशालपुर में एक शादी समारोह के दौरान डीजे पर नाचने को लेकर दो गुट आपस में भिड़ गए। विवाद इतना बढ़ा कि बात कहासुनी से शुरू होकर लात-घूंसों तक पहुँच गई, जिसमें दो युवकों को चोटें आई हैं। घटना की जानकारी मिलते ही बन्नाखेड़ा पुलिस ने मौके पर पहुँचकर स्थिति संभाली और शांति भंग करने वाले आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की।

शुक्रवार देर रात खुशालपुर निवासी एक परिवार में विवाह कार्यक्रम चल रहा था। डीजे पर संगीत बज रहा था, तभी कुछ युवकों के बीच डांस करने को लेकर अनबन हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के समर्थक आमने-सामने आ गए और मारपीट शुरू हो गई, जिससे समारोह में मौजूद मेहमानों में भगदड़ मच गई। सूचना मिलते ही बन्नाखेड़ा पुलिस चौकी के एसआई भरत सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुँचे और उपद्रवियों को कड़ी हिदायत देकर मामला शांत कराया।

चौकी प्रभारी सुरेंद्र खड़ायत ने बताया कि सार्वजनिक स्थान पर हंगामा करने और उत्सव में व्यवधान डालने के आरोप में पुलिस ने अक्षय, विशाल, सुजल, नमन और अमित के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत चालान काटा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वैवाहिक कार्यक्रमों में इस तरह की अनुशासनहीनता और हुड़दंग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

error: Content is protected !!