IMG-20260804-WA0024
  • विधायक शिव अरोरा ने अपने कार्यालय पर पीडब्ल्यूडी, जल संस्थान, विद्युत विभाग के अधिकारियो के साथ की महत्वपूर्ण बैठक
  • विधायक शिव अरोरा ने व्यापारियो से अतिक्रमण हटाओ अभियान मे प्रशासन का सहयोग करने की अपील

रुद्रपुर। काशीपुर बाईपास निर्माण परियोजना को गति देने के लिए 5 अगस्त से काशीपुर बाईपास रोड पर अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू किया जाएगा। अभियान को लेकर सोमवार देर शाम विधायक शिव अरोरा के कार्यालय में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), जल संस्थान और विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई, जिसमें निर्माण कार्य की तैयारियों और विभागीय समन्वय की समीक्षा की गई।

बैठक में विधायक शिव अरोरा ने कहा कि काशीपुर बाईपास का निर्माण क्षेत्र के व्यापारियों और आम जनता के लिए बेहद महत्वपूर्ण परियोजना है। इसके पूरा होने से लंबे समय से लगने वाले जाम से राहत मिलेगी और यातायात व्यवस्था अधिक सुगम होगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मंशा के अनुरूप सरकार विकास कार्यों को तय समय में पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।

विधायक ने बताया कि परियोजना के दौरान व्यापारियों के हितों का विशेष ध्यान रखा गया है। अधिकांश स्थानों पर सड़क को 60-60 फीट चौड़ा करने की योजना इस प्रकार बनाई गई है कि व्यापारियों को न्यूनतम नुकसान हो। वहीं नगर पालिका मार्केट के प्रभावित दुकानदारों का पुनर्वास सुनिश्चित किया जाएगा और पुनर्वास से पहले उन्हें नहीं हटाया जाएगा।

उन्होंने सभी व्यापारियों और नागरिकों से 5 अगस्त से शुरू होने वाले अतिक्रमण हटाओ अभियान में प्रशासन का सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि यह परियोजना जनहित और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है।

बैठक में पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता गजेंद्र सिंह ने बताया कि निर्माण कार्य की टेंडर प्रक्रिया अंतिम चरण में है। अतिक्रमण हटने के बाद निर्माण कार्य तेजी से शुरू कर निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जाएगा।

जल संस्थान के अधिशासी अभियंता बद्रे आलम ने बताया कि पेयजल लाइनों और अन्य संरचनाओं के स्थानांतरण की तैयारी पूरी कर ली गई है। अतिक्रमण हटने के बाद विभाग लगभग दो माह में अपना कार्य पूरा कर लेगा।

वहीं विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता किशोर पंत ने बताया कि अधिकांश स्थानों पर विद्युत पोल और लाइनों की शिफ्टिंग का कार्य पूरा हो चुका है। शेष अतिक्रमण हटते ही विभाग अगस्त के अंत तक सभी आवश्यक कार्य पूर्ण कर नई लाइन पर विद्युत आपूर्ति सुचारु कर देगा।

बैठक में सभी विभागों के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से भरोसा दिलाया कि आपसी समन्वय के साथ परियोजना को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा, जिससे क्षेत्रवासियों को जल्द बेहतर यातायात सुविधा का लाभ मिल सके।

बैठक में पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता केशव लाल, जल संस्थान के सहायक अभियंता कृष्णा चंद बुगानी, कनिष्ठ अभियंता सौरभ भट्ट तथा विद्युत विभाग के कनिष्ठ अभियंता सुभाष शर्मा और अरुण कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!