IMG_20260624_180859
  • पंतनगर क्षेत्र में पुलिस व्यवस्था होगी और मजबूत, आमजन को मिलेगी त्वरित सहायता और अपराधों पर रहेगी प्रभावी निगरानी

रुद्रपुर। जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा आमजन को त्वरित एवं प्रभावी पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कोतवाली पंतनगर क्षेत्र के अंतर्गत नवस्थापित ‘चौकी संजय वन’ का बुधवार को विधिवत शुभारंभ किया गया। चौकी का उद्घाटन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने मुख्य अतिथि के रूप में फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया।

उद्घाटन कार्यक्रम का शुभारंभ सनातन परंपरा के अनुरूप वैदिक मंत्रोच्चार, पूजा-अर्चना तथा हवन-यज्ञ के साथ हुआ। इस दौरान मौजूद अधिकारियों, कर्मचारियों और क्षेत्रवासियों ने नई चौकी के संचालन को क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया।

एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि ऊधमसिंहनगर पुलिस “सुरक्षा, सेवा और विश्वास” के सिद्धांत पर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि चौकी संजय वन की स्थापना से क्षेत्र में पुलिस की पहुंच और अधिक सशक्त होगी, जिससे आमजन एवं पुलिस के बीच समन्वय भी बेहतर होगा। उन्होंने नागरिकों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।

उन्होंने बताया कि चौकी के संचालन से क्षेत्र में पुलिस की सक्रिय उपस्थिति बढ़ेगी, अपराधों की रोकथाम में मदद मिलेगी तथा संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सकेगी। साथ ही क्षेत्रवासियों की शिकायतों एवं समस्याओं का त्वरित निस्तारण भी सुनिश्चित होगा।

कार्यक्रम में पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी, गणमान्य नागरिक, क्षेत्रवासी तथा अन्य सम्मानित अतिथि उपस्थित रहे। नई चौकी के शुभारंभ को क्षेत्र की सुरक्षा और कानून व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

error: Content is protected !!