IMG_20260917_084358
  • 15 से अधिक होटल-गेस्ट हाउस और अन्य स्थलों की जांच, 50 से ज्यादा पुलिसकर्मी रहे अभियान में शामिल; अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई की चेतावनी

रुद्रपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जनपद पुलिस ने अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए स्पा सेंटर, होटल, गेस्ट हाउस और अन्य संदिग्ध स्थलों पर विशेष सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने 15 से अधिक होटल, गेस्ट हाउस एवं संदिग्ध स्थलों की जांच की। इस कार्रवाई में 50 से अधिक पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे।

चेकिंग के दौरान पुलिस ने 14 से अधिक संदिग्ध महिला एवं पुरुषों को पूछताछ और सत्यापन के लिए रोका। पुलिस द्वारा संबंधित लोगों से आवश्यक पूछताछ के साथ उनके पहचान संबंधी अभिलेखों एवं अन्य तथ्यों का सत्यापन किया जा रहा है।

पुलिस ने होटल, गेस्ट हाउस और स्पा संचालकों व कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि उनके परिसरों में नाबालिगों का शोषण, मानव तस्करी, अनैतिक देह व्यापार अथवा किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि संचालित या संरक्षित नहीं होनी चाहिए। प्रत्येक ग्राहक और आगंतुक का नियमानुसार पहचान-पत्र सत्यापन तथा आवश्यक रिकॉर्ड सुरक्षित रखने के निर्देश भी दिए गए।

पुलिस ने चेतावनी दी कि रजिस्टर या डिजिटल रिकॉर्ड, पहचान-पत्र सत्यापन, लाइसेंस, अनुमति अथवा अन्य आवश्यक अभिलेखों में अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ उत्तराखंड पुलिस अधिनियम, भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं अन्य प्रचलित कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।

इसके अलावा किसी अवैध गतिविधि में संचालक या कर्मचारी की मिलीभगत, संरक्षण अथवा जानबूझकर सूचना छिपाने की पुष्टि होने पर उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उनके खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस के अनुसार ऐसे स्पा सेंटर, होटल, गेस्ट हाउस और संदिग्ध स्थलों को चिन्हित कर लगातार निगरानी रखी जा रही है। अभियान का उद्देश्य नाबालिगों और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना है। पुलिस ने कहा कि भविष्य में भी अचानक और सघन चेकिंग अभियान जारी रहेगा।

error: Content is protected !!