IMG_20261119_215042
  • चेकिंग अभियान के दौरान ओवरलोडिंग, सीसीटीवी कैमरों और जरूरी दस्तावेजों की हुई जांच, सुरक्षा मानकों में कमी मिलने पर पुलिस ने की कार्रवाई।

रुद्रपुर। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश पर उधम सिंह नगर पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है। इसी क्रम में गुरुवार को किच्छा कोतवाली पुलिस ने क्षेत्र में संचालित स्कूली वाहनों के विरुद्ध विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान यातायात नियमों और सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने पर 8 वाहनों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई, जबकि एक वाहन को सीज कर दिया गया।

पुलिस टीम ने चौकी लालपुर क्षेत्र और आनंदपुर मोड़ के पास स्कूली वाहनों की सघन जांच की। इस दौरान वाहनों में लगे सीसीटीवी कैमरों की स्थिति, बच्चों को निर्धारित क्षमता के अनुसार बैठाने, ओवरलोडिंग और आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। जांच में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाने और जरूरी वाहन प्रपत्र पूरे नहीं मिलने सहित अन्य कमियां पाए जाने पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के तहत 7 वाहनों के चालान न्यायालय भेजे गए, जबकि एक वाहन को सीज किया गया।

एसएसपी अजय गणपति ने स्कूली वाहन संचालकों से अपील की है कि वे निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को वाहनों में न बैठाएं। वाहनों में आवश्यक सुरक्षा उपकरण और सीसीटीवी कैमरे सुनिश्चित करने के साथ सभी जरूरी दस्तावेज भी पूर्ण रखें। उन्होंने स्पष्ट किया कि बच्चों की सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस द्वारा स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार के चेकिंग अभियान आगे भी जारी रखे जाएंगे।

error: Content is protected !!