- एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में पुलिस को मिली सफलता, चांदी के टुकड़े और 20 हजार रुपये बरामद; दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी।
काशीपुर। कुण्डेश्वरी रोड स्थित साईं मंदिर में हुई चांदी की मूर्तियों की चोरी का काशीपुर पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी त्रिलोक सिंह उर्फ शोले को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से चोरी से संबंधित करीब 65 हजार रुपये कीमत के चांदी के कटे हुए टुकड़े और 20 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने घटना के खुलासे के लिए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। पुलिस ने घटनास्थल से लेकर मुरादाबाद, हापुड़ और दिल्ली तक करीब 200 सीसीटीवी कैमरों का अवलोकन किया। जांच के दौरान दो संदिग्ध व्यक्ति KTM ड्यूक बाइक से आते-जाते दिखाई दिए। बाइक के नंबर के आधार पर पुलिस ने सुरागरसी और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की पहचान की।
पुलिस ने 18 नवंबर को त्रिलोक सिंह उर्फ शोले को कुण्डा थाना क्षेत्र में द किमाया रिसोर्ट के पास हाईवे को जोड़ने वाली सर्विस रोड से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर 12 सितंबर की रात साईं मंदिर में चोरी करने की बात स्वीकार की। उसने बताया कि चोरी की संपत्ति आपस में बांट ली गई थी और एक हिस्सा मंदिर की रेकी करवाने वाले व्यक्ति को देने के लिए वह काशीपुर आया था।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ दिल्ली और उत्तर प्रदेश में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा दिल्ली के थाना खैला और हरियाणा के फरीदाबाद में भी उसके खिलाफ मुकदमों की जानकारी मिली है।
इस मामले में मनप्रीत सिंह उर्फ सन्नी और अवतार सिंह अभी वांछित हैं। पुलिस दोनों की तलाश में जुटी है। मंदिर चोरी की घटना के खुलासे में कोतवाली काशीपुर और एसओजी टीम की अहम भूमिका रही।

