IMG-20260928-WA0048
  • अवैध पिस्टल-तमंचे और कारतूस बरामद, पुलिस पूछताछ में फायरिंग व वाहनों में तोड़फोड़ की बात सामने आई

रुद्रपुर। थाना ट्रांजिट कैंप क्षेत्र के शिव एन्क्लेव, गंगापुर रोड में 24 सितंबर की रात हुई फायरिंग और वाहनों में तोड़फोड़ की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में ट्रांजिट कैंप पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नन्दू (26), सोहेल (21) और सुमित अधिकारी उर्फ बंगाली (18) के रूप में हुई है। आरोपियों के कब्जे से एक .32 बोर की अवैध पिस्टल, दो .315 बोर के अवैध तमंचे और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक, 24 सितंबर की रात साजेब उर्फ अरमान शिव एन्क्लेव में अपने परिचित से मिलने पहुंचा था। कॉलोनी के लोगों द्वारा उसे देख लिए जाने के बाद वह मौके से निकल गया, जबकि उसकी कार वहीं रह गई। इसके बाद आरोपियों को कार लाने के लिए बुलाया गया।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि कॉलोनी में भीड़ होने के कारण उन्होंने हवाई फायरिंग कर लोगों को डराया। कार के टायरों के नट खुले होने के कारण वे कार नहीं ले जा सके। इसके बाद गुस्से में वहां खड़े दो वाहनों में तलवार से तोड़फोड़ की और फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए।

घटना के संबंध में थाना ट्रांजिट कैंप में FIR संख्या 304/2026 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रभारी निरीक्षक धर्मवीर सोलंकी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई थी। मुखबिर की सूचना पर तीनों को एफसीआई गोदाम के सामने किच्छा रोड स्थित एक खाली चाय के खोखे के पास से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार तीनों आरोपियों का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। गिरफ्तार आरोपियों को वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट किया है कि जनपद में फायरिंग और अवैध हथियारों के इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और ऐसे मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

error: Content is protected !!