IMG-20261024-WA0119
  • एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में दिनेशपुर पुलिस की कार्रवाई, छात्राओं की निजी जानकारी साझा करने और अश्लील टिप्पणी करने के आरोप; मोबाइल फोन बरामद, डिजिटल साक्ष्यों की जांच जारी

रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर जिले के दिनेशपुर थाना क्षेत्र में एक शिक्षण संस्थान की छह छात्राओं के साथ छेड़छाड़, अश्लील टिप्पणी, गाली-गलौच और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी अनस नेपाल सीमा की ओर फरार होने का प्रयास कर रहा था, जिसे बनबसा क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। दूसरे आरोपी मोहम्मद बिलाल को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है।

पुलिस के मुताबिक, 23 अक्टूबर 2026 को सामने आए इस मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश पर थाना दिनेशपुर पुलिस की तीन टीमों का गठन किया गया। पुलिस अधीक्षक नगर रुद्रपुर और क्षेत्राधिकारी पंतनगर के पर्यवेक्षण में कार्रवाई करते हुए मामले में मुकदमा दर्ज किया गया तथा महिला पुलिस अधिकारी ने विवेचना शुरू की।

छात्राओं की निजी जानकारी साझा करने का आरोप

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी मोहम्मद बिलाल संबंधित शिक्षण संस्थान का विद्यार्थी है। आरोप है कि उसने संस्थान में अध्ययनरत छह छात्राओं के नाम, पते, मोबाइल नंबर और फोटोग्राफ सहित निजी जानकारी अपने साथी अनस के साथ साझा की। पुलिस के अनुसार, इसके बाद छात्राओं को निशाना बनाकर अश्लील एवं आपत्तिजनक टिप्पणियां करने, छेड़छाड़ और गाली-गलौच करने के आरोप सामने आए।

शिकायत के अनुसार, छात्राओं को गला काटने और तेजाब फेंकने जैसी गंभीर धमकियां भी दी गईं। शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दिए जाने का आरोप भी है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

नेपाल भागने की कोशिश, बनबसा से गिरफ्तारी

पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी अनस को शिकायत की जानकारी मिलने के बाद उसके फरार होने की आशंका थी। पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए उसे नेपाल सीमा के निकट बनबसा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। दूसरे आरोपी मोहम्मद बिलाल को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपी उत्तर प्रदेश के निवासी हैं।

मोबाइल फोन बरामद, डिजिटल साक्ष्यों की जांच

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दोनों मोबाइल फोन बरामद किए हैं। मोबाइल में मौजूद डिजिटल साक्ष्यों, छात्राओं की निजी जानकारी के आदान-प्रदान और आरोपियों के संपर्कों की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि छात्राओं की निजी जानकारी कहां से प्राप्त की गई और क्या मामले में अन्य लोग भी शामिल हैं।

छात्राओं की सुरक्षा को प्राथमिकता

एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में पुलिस मामले की गहन विवेचना कर रही है। पुलिस का कहना है कि छात्राओं की सुरक्षा, निजता और सम्मान सुनिश्चित करते हुए उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

गिरफ्तार आरोपी

  1. अनस पुत्र मोहम्मद मोबिन, उम्र 22 वर्ष, निवासी गली नंबर 08, थाना बिसरख, उत्तर प्रदेश।
  2. मोहम्मद बिलाल पुत्र मोहम्मद यूसुफ, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम खेमपुर, जिला अजीमनगर, उत्तर प्रदेश।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि छेड़छाड़, धमकी या किसी भी प्रकार के उत्पीड़न की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।

error: Content is protected !!