- पुष्पगुच्छ, स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित, दीर्घ एवं निष्ठावान सेवाओं के लिए जताया आभार
रुद्रपुर। पुलिस लाइन रुद्रपुर स्थित सभागार में सोमवार को अधिवर्षता एवं ऐच्छिक सेवानिवृत्ति प्राप्त करने वाले 7 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सम्मान में विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने सेवानिवृत्त हो रहे पुलिसकर्मियों को पुष्पगुच्छ, स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
एसएसपी अजय गणपति ने सभी सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों की पुलिस विभाग में दी गई दीर्घकालीन, समर्पित एवं निष्ठावान सेवाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में अपने जीवन का महत्वपूर्ण एवं लंबा समय जनता की सेवा और सुरक्षा में समर्पित करना गौरव की बात है। सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी अपने अनुभव, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के चलते विभाग की महत्वपूर्ण धरोहर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद भी सभी पुलिस परिवार का अभिन्न अंग बने रहेंगे। एसएसपी ने सभी के उत्तम स्वास्थ्य, सुख-शांति और समृद्ध भविष्य की कामना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
सेवानिवृत्त होने वाले पुलिसकर्मियों में पुलिस उपाधीक्षक भूपेन्द्र सिंह धौनी, उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस पुष्कर दत्त भट्ट, अपर उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस रमेश चन्द्र फुलेरिया, अपर उपनिरीक्षक सशस्त्र पुलिस शिवशंकर गुप्ता, आरक्षी नागरिक पुलिस भोपाल चन्द्र, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी कुक मोहन चन्द्र जोशी और ओ.पी. भगवान दास शामिल रहे।
विदाई समारोह के दौरान मौजूद पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों की सेवाओं के लिए आभार व्यक्त किया और उनके स्वस्थ, सुखद एवं मंगलमय भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर जनपद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, पुलिस अधीक्षक रुद्रपुर, क्षेत्राधिकारी सितारगंज/पुलिस लाइन, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन, थानाध्यक्ष सहित पुलिस कार्यालय एवं पुलिस लाइन के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
