- महापौर ने टॉप-10 उत्कृष्ट राइडर्स को ट्रॉफी देकर किया सम्मानित
- बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
रुद्रपुर। शहर के तेजी से बढ़ते विस्तार और बदलती जरूरतों के बीच बेहतर परिवहन सुविधाओं के साथ युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर विकसित करने की दिशा में रैपिडो जैसी सेवाएं महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। रुद्रपुर के विकास के साथ-साथ नागरिकों को सुविधाजनक आवागमन उपलब्ध कराना और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के अवसर प्रदान करना प्राथमिकता है। यह बात महापौर विकास शर्मा ने रैपिडो कंपनी की ओर से आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग करते हुए कही।

कार्यक्रम में महापौर ने रैपिडो के अधिकारियों एवं कैप्टन्स के साथ संवाद किया। इस दौरान उन्होंने कंपनी के टॉप-10 उत्कृष्ट राइडर्स को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया और उनकी मेहनत, लगन तथा बेहतर सेवाओं की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इसके साथ ही महापौर ने रैपिडो की ओर से आयोजित बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
महापौर विकास शर्मा ने कहा कि रुद्रपुर औद्योगिक एवं व्यावसायिक गतिविधियों के साथ तेजी से विकसित हो रहा है। शहर का दायरा बढ़ने के साथ ही लोगों की आवागमन संबंधी आवश्यकताएं भी लगातार बढ़ रही हैं। ऐसे में रैपिडो जैसी परिवहन सेवाएं आम नागरिकों के लिए सुविधाजनक विकल्प बन सकती हैं। इससे लोगों को कम समय में अपने गंतव्य तक पहुंचने में सहूलियत मिलेगी। वहीं, युवाओं को अपनी मेहनत और कार्यक्षमता के आधार पर रोजगार एवं स्वरोजगार से जुड़ने का अवसर भी मिलेगा।
उन्होंने कहा कि आज का युवा आत्मनिर्भर बनने की दिशा में नए विकल्प तलाश रहा है। डिजिटल प्लेटफॉर्म इस दिशा में महत्वपूर्ण माध्यम बनकर उभरे हैं। रैपिडो जैसे प्लेटफॉर्म युवाओं को अपनी मेहनत के दम पर आय अर्जित करने और आर्थिक रूप से मजबूत बनने का अवसर प्रदान करते हैं। शहर के विकास की परिकल्पना तभी पूरी होगी, जब यहां आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते भी खुलेंगे।
महापौर ने कहा कि रुद्रपुर को आधुनिक सुविधाओं से युक्त, व्यवस्थित और बेहतर शहर बनाने के प्रयास निरंतर जारी हैं। इसमें नागरिक सुविधाओं के विस्तार के साथ रोजगार सृजन भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने रैपिडो की पूरी टीम को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि कंपनी की सेवाओं का विस्तार शहरवासियों के लिए उपयोगी साबित होगा और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने में भी योगदान देगा।
कार्यक्रम में भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अनिल चौहान, वरिष्ठ भाजपा नेता भारत भूषण चुघ, रैपिडो के क्लस्टर मैनेजर वीरेंद्र सिंह रावत, एसोसिएट मैनेजर हरि शंकर, टीम लीडर अर्चित त्यागी सहित कंपनी के अन्य अधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

