- रागी जत्थों ने गुरुवाणी के शबद कीर्तन से संगत को किया निहाल, बाबा जोगा सिंह ने सरोपा भेंट कर किया सम्मानित
रुद्रपुर। गुरुद्वारा मुकुंदपुर डेरा में श्री गुरु नानक देव जी के सुपुत्र बाबा श्रीचन्द्र जी महाराज की स्मृति में वार्षिक धार्मिक समागम श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ आयोजित किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने गुरुद्वारा पहुंचकर गुरु दरबार में माथा टेका और गुरु साहिब का आशीर्वाद प्राप्त किया। समागम में पहुंचे रागी जत्थों ने गुरुवाणी के मधुर शबद कीर्तन से संगत को निहाल किया।
धार्मिक समागम में पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल भी गुरुद्वारा मुकुंदपुर डेरा पहुंचे और गुरु दरबार में माथा टेककर आशीर्वाद लिया। उन्होंने संगत के साथ समय बिताते हुए धार्मिक आयोजन में सहभागिता की। इस दौरान बाबा जोगा सिंह ने उन्हें सरोपा भेंट कर सम्मानित किया।
समागम के दौरान रागी जत्थों ने गुरुवाणी के माध्यम से गुरु साहिबान की शिक्षाओं और उनके बताए मार्ग पर चलने का संदेश दिया। शबद कीर्तन से पूरा गुरुद्वारा परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा और श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक कीर्तन का श्रवण किया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि धार्मिक समागम हमारी समृद्ध आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं के प्रतीक हैं। ऐसे आयोजनों से समाज में धार्मिक आस्था, आपसी भाईचारे, सेवा और समर्पण की भावना मजबूत होती है। गुरु साहिबान की शिक्षाएं हमें मानवता की सेवा करने, सभी धर्मों का सम्मान करने तथा समाज में प्रेम और सद्भाव बनाए रखने की प्रेरणा देती हैं।
उन्होंने कहा कि बाबा श्रीचन्द्र जी महाराज की स्मृति में आयोजित यह वार्षिक समागम श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक मार्ग से जुड़ने का अवसर प्रदान करता है। ऐसे धार्मिक आयोजनों में शामिल होने से मन को शांति और सकारात्मक ऊर्जा मिलती है। उन्होंने सफल आयोजन के लिए गुरुद्वारा प्रबंधन समिति और सेवादारों के प्रयासों की सराहना की।

