IMG-20260725-WA0021
  • गल्ला मंडी स्थित पंचमुखी बालाजी मंदिर में सामूहिक पाठ; शिक्षा मंत्री से इस्तीफे और प्रधानमंत्री से सार्वजनिक माफी की मांग

रुद्रपुर। दिल्ली के जंतर मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर कथित लाठीचार्ज, आंसू गैस के प्रयोग और महिलाओं के साथ कथित दुर्व्यवहार के विरोध में शनिवार को रुद्रपुर की गल्ला मंडी स्थित श्री पंचमुखी बालाजी मंदिर में कांग्रेस नेताओं, पार्षदों और कार्यकर्ताओं ने सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ किया। इस दौरान देश में शांति, सद्बुद्धि और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा की कामना की गई।

कार्यक्रम के बाद वरिष्ठ कांग्रेस नेता संजय जुनेजा ने केंद्र सरकार पर छात्रों की आवाज़ दबाने का आरोप लगाते हुए कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर बल प्रयोग उचित नहीं है। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफा देने तथा जंतर मंतर की कथित घटना को लेकर प्रधानमंत्री से सार्वजनिक माफी मांगने की मांग की।

कांग्रेस नेता मोहन खेड़ा ने कहा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी लगातार इस मुद्दे को उठा रहे हैं, लेकिन केंद्र सरकार उनकी बातों को नजरअंदाज कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतंत्र में असहमति की आवाज़ को दबाने के बजाय उसका सम्मान किया जाना चाहिए।

कार्यक्रम का समापन हनुमान जी की आरती एवं देश में शांति, सद्भाव और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा की प्रार्थना के साथ हुआ।

इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता संजय जुनेजा, मोहन खेड़ा, पार्षद गौरव खुराना, जहांगीर कुरैशी, मुनीश गिरी, मोनिका ढाली, सोफिया नाज, अनंत विष्णोई, अंकिता अधिकारी, दिनेश पंत, पवन वर्मा, राजेंद्र मिश्रा, अमित अरोड़ा, नवीन खेतवाल, रणजीत राणा, रोहित चौहान, विजय पुजारा, संजय गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!