IMG-20260624-WA0073
  • गावा चौक के पास पुरानी रंजिश में जानलेवा हमला

रुद्रपुर। शहर के अति व्यवस्त गावा चौक पर देर रात हुई फायरिंग की घटना से सनसनी फैल गई। पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर जानलेवा हमला किये जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि हमलावर ने कार सवार युवक को निशाना बनाते हुए दो राउंड फायरिंग कर दी। अचानक चली गोलियों से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गनीमत रही कि युवक और उसके साथी बाल-बाल बच गये, जबकि गोलियां कार के शीशों पर जा लगीं। घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपी की तलाश की जा रही है।

जानकारी के मुताबिक उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के बिलासपुर थाना क्षेत्र के ग्राम दिबदिबा निवासी एशप्रीत सिंह ने रुद्रपुर कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि मंगलवार रात वह अपने दोस्तों गुरदीप सिंह और अर्जुन सिंह के साथ कार से रुद्रपुर आया था। पीड़ित के मुताबिक जब वह गावा चौक क्षेत्र के पास पहुंचा तो वहां पहले से मौजूद जितेन्द्र चौधरी उर्फ विरथ चौधरी अपनी स्कूटी के साथ खड़ा था। आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते आरोपी पहले से ही उसकी गतिविधियों पर नजर रख रहा था और हमला करने की फिराक में था।

एशप्रीत सिंह का आरोप है कि जैसे ही आरोपी ने उसे देखा तो उसने जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। आरोपी ने एक के बाद एक दो राउंड फायर किये। इस दौरान आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। अचानक हुई फायरिंग के बाद कार में बैठे युवकों में दहशत फैल गई। पीड़ित ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत कार को मौके से आगे बढ़ाया और किसी तरह अपनी व साथियों की जान बचाई। हालांकि आरोपी द्वारा चलाई गई दोनों गोलियां कार के शीशों पर लगीं, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।

घटना के बाद पीड़ित ने तत्काल पुलिस को मामले की जानकारी दी। फायरिंग के निशान कार पर मौजूद बताए जा रहे हैं। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। कोतवाल एसएस अनिल जोशी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस आरोपी की तलाश के साथ ही घटना के पीछे की पूरी वजह और पुरानी रंजिश से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है। वहीं शहर के व्यस्त क्षेत्र में हुई इस फायरिंग की घटना के बाद लोगों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

error: Content is protected !!