IMG_20261117_184212
  • पत्नी और तीन बच्चों को छोड़ गए 40 वर्षीय प्रताप, 1100 करोड़ की रिंग रोड परियोजना के बीच सड़क सुरक्षा पर संजय ठुकराल ने उठाए सवाल

रुद्रपुर। शहर में भारी वाहनों की आवाजाही और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। काशीपुर हाईवे पर नवोदय स्कूल के सामने मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में डंपर की चपेट में आने से बाइक सवार 40 वर्षीय प्रताप कोली की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में एक परिवार का सहारा छिन गया। प्रताप अपने पीछे पत्नी, दो बेटे और एक बेटी को छोड़ गए हैं।

जानकारी के अनुसार, सुभाष कॉलोनी निवासी प्रताप कोली अपने मामा रामपाल के साथ बाइक से किसी काम से काशीपुर हाईवे की ओर जा रहे थे। दोनों रैक पर पल्लेदारी का काम करते थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक डंपर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक असंतुलित होकर सड़क पर गिर गई और प्रताप डंपर के पहिये के नीचे आ गए। हादसा इतना भीषण था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक की पहचान प्रताप कोली पुत्र गणेशी, निवासी सुभाष कॉलोनी, रुद्रपुर के रूप में हुई है। मूल रूप से रामपुर जिले के केमरी क्षेत्र के रहने वाले प्रताप का परिवार पिछले करीब 30 वर्षों से रुद्रपुर में रह रहा था। परिवार की आजीविका चलाने वाले प्रताप की असमय मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

हादसे की सूचना मिलते ही समाजसेवी संजय ठुकराल और सुशील गावा मौके पर पहुंचे। भारत सेवा टीम की एंबुलेंस की मदद से शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवाया गया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

1100 करोड़ की रिंग रोड परियोजना के बीच सड़क सुरक्षा पर उठाए सवाल

घटनास्थल पर पहुंचे समाजसेवी संजय ठुकराल ने शहर की यातायात व्यवस्था और भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जब रुद्रपुर में करीब 1100 करोड़ रुपये की रिंग रोड परियोजना बनाई जा रही है, तो शहर की सड़कों पर आए दिन हो रहे हादसों को रोकने के लिए प्रभावी कदम क्यों नहीं उठाए जा रहे हैं? उन्होंने सवाल किया कि आखिर इतनी बड़ी परियोजना का क्या लाभ, जब आम आदमी की सड़क पर सुरक्षा ही सुनिश्चित नहीं हो पा रही है।

सर्विस लेन पर अतिक्रमण और डंपरों की आवाजाही बनी चिंता

काशीपुर रोड की सर्विस लेन पर अतिक्रमण, भारी वाहनों की आवाजाही और बदहाल यातायात व्यवस्था लंबे समय से चिंता का विषय बनी हुई है। स्थानीय स्तर पर यह मांग उठ रही है कि सर्विस लेन को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए और भारी वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने के लिए ठोस व्यवस्था की जाए।

प्रताप कोली की मौत ने एक बार फिर शहर की सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जरूरत है कि प्रशासन और यातायात पुलिस हादसों के बाद कार्रवाई करने के बजाय दुर्घटनाओं को रोकने के लिए पहले से प्रभावी कदम उठाएं, ताकि किसी दूसरे परिवार को इस तरह का दर्द न झेलना पड़े।

error: Content is protected !!