IMG-20261021-WA0134
  • श्री शिव नाटक क्लब की रामलीला के अंतिम दिन रावण, कुंभकरण और मेघनाद के पुतलों का हुआ दहन, अयोध्या लौटने पर प्रभु श्रीराम का किया गया राजतिलक

रुद्रपुर। बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की जीत के प्रतीक विजय दशमी का पर्व रुद्रपुर की इंद्रा कॉलोनी में श्री शिव नाटक क्लब द्वारा धूमधाम से मनाया गया। रामलीला मंचन के अंतिम दिन भगवान श्रीराम और रावण के बीच भीषण युद्ध का मंचन किया गया। इसके बाद रावण, कुंभकरण और मेघनाद के पुतलों का दहन कर विजय दशमी उत्सव का समापन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्री शिव नाटक क्लब के संरक्षक एवं पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, कांग्रेस जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा, समाजसेवी संजय ठुकराल, कपूर ज्वेलर्स के स्वामी हरीश कपूर तथा जय गुरुदेव इंडस्ट्रीज के स्वामी रोहित गुंबर ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

रावण वध के साथ हुआ अधर्म का अंत

रामलीला मंचन के दौरान भगवान श्रीराम और रावण के बीच हुए भीषण युद्ध ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। विभीषण द्वारा रावण की मृत्यु का रहस्य बताने के बाद प्रभु श्रीराम ने उसकी नाभि में बाण मारकर उसका वध किया। रावण के अंतिम समय से जुड़े प्रसंग में लक्ष्मण को सीख दी गई कि चापलूसों की बातों में नहीं आना चाहिए, पराई स्त्री पर कुदृष्टि नहीं डालनी चाहिए और कभी भी अहंकार नहीं करना चाहिए। रावण के अंत को उसकी गलतियों और अहंकार के परिणाम के रूप में प्रस्तुत किया गया।

रावण वध के बाद मुख्य अतिथियों की उपस्थिति में रावण, मेघनाद और कुंभकरण के पुतलों का दहन किया गया। इस दौरान उपस्थित राम भक्तों ने बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया।

कलाकारों ने निभाई विभिन्न पात्रों की भूमिका

रामलीला मंचन में भगवान श्रीराम की भूमिका अभिनव अनेजा, लक्ष्मण की गर्व गुलाटी, रावण की अतुल बांगा, विभीषण की विशाल गुंबर, हनुमान की सन्नी कक्कड़, अंगद की दीपांशु धानुक, सुग्रीव की चिराग चुघ तथा सीता की भूमिका नैतिक तनेजा ने निभाई।

अयोध्या लौटने पर हुआ प्रभु श्रीराम का राजतिलक

रामलीला के समापन प्रसंग में अयोध्या पहुंचने पर गुरु वशिष्ठ ने प्रभु श्रीराम का राजतिलक किया। उन्हें अयोध्या के सिंहासन पर विराजमान कर सूर्यवंशी मुकुट पहनाया गया। इसके बाद भक्त अशोक नारंग ने प्रभु श्रीराम की भव्य आरती की। श्रद्धालुओं को चने और हलवे का प्रसाद वितरित किया गया। वहीं, महावीर सेवा दल के अध्यक्ष सुरेश राजदेव ने मेवे-मिश्री का प्रसाद बांटा।

कलाकारों और सरपरस्तों को किया सम्मानित

श्री शिव नाटक क्लब की ओर से सभी सरपरस्तों और कलाकारों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। क्लब के अध्यक्ष जगदीश सुखीजा ने भव्य विजय दशमी उत्सव को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी राम भक्तों और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया।

error: Content is protected !!