- पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने किया शिविर का शुभारंभ, युवाओं से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने का किया आह्वान
रुद्रपुर। मंडी समिति के पूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय वीरेंद्र सिंह सामंती एवं युवा नेता स्वर्गीय बंटी कोली के जन्मदिवस पर बुधवार को उनकी स्मृति में काशीपुर रोड स्थित गाबा चौक के पास रुद्रपुर चैरिटेबल ब्लड बैंक में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने दोनों दिवंगत नेताओं के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

शिविर में बड़ी संख्या में युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा 61 यूनिट रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया। इस अवसर पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि स्वर्गीय वीरेंद्र सिंह सामंती और स्वर्गीय बंटी कोली ने अपना संपूर्ण जीवन समाज सेवा और जनकल्याण के लिए समर्पित किया। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं का असामयिक निधन सड़क दुर्घटनाओं में हुआ, लेकिन उनके सेवा कार्य आज भी समाज के लिए प्रेरणा बने हुए हैं।
राजकुमार ठुकराल ने कहा कि किसी भी व्यक्ति की वास्तविक पहचान उसके पद से नहीं, बल्कि समाज के प्रति उसके योगदान से होती है। उन्होंने युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में स्वैच्छिक रक्तदान करने का आह्वान करते हुए कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद को नया जीवन देने का सबसे बड़ा माध्यम है और यही दिवंगत समाजसेवियों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि भी है।
उन्होंने कहा कि भविष्य में भी स्वर्गीय वीरेंद्र सिंह सामंती और स्वर्गीय बंटी कोली की स्मृति में रक्तदान शिविर सहित जनसेवा से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि समाज में सेवा, सहयोग और मानवता की भावना को और अधिक मजबूत किया जा सके।
कार्यक्रम में व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा, वरिष्ठ पत्रकार राजीव चावला, जितेश शर्मा (पार्षद), विजय फुटेला, शगुन अरोरा, सिमरन अरोरा, सत्यम शर्मा (प्रबंध निदेशक, रुद्रपुर चैरिटेबल ब्लड बैंक), डॉ. कनिका वाधवा सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, रक्तदाता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
