- खरगे की जनसभा के बाद मंच के शुद्धिकरण की घटना पर जताई नाराजगी, जातिगत भेदभाव की मानसिकता का लगाया आरोप
रुद्रपुर । पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने प्रेस वार्ता में विभिन्न मुद्दों को लेकर भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आठ अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद मल्लिकार्जुन खरगे की जनसभा के बाद मंच पर हवन यज्ञ कर मैदान को शुद्ध किए जाने की घटना को लेकर भाजपा और उससे जुड़ी विचारधारा पर गंभीर आरोप लगाए। साथ ही भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट के विभिन्न बयानों को लेकर भी तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की।
ठुकराल ने कहा कि हल्द्वानी में खरगे की जनसभा के बाद कुछ लोगों द्वारा रामलीला मैदान के मंच को धोकर हवन यज्ञ के माध्यम से शुद्ध करने का प्रयास किया गया। उन्होंने इसे संकुचित और विकृत मानसिकता का परिचायक बताया। ठुकराल ने कहा कि खरगे अनुसूचित जाति वर्ग से आते हैं और उनके मंच के कथित शुद्धिकरण की घटना केवल एक व्यक्ति का अपमान नहीं, बल्कि गरीबों, दलितों, शोषितों, वंचितों और पीड़ित वर्गों का अपमान है।
उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं समाज में जातिगत भेदभाव और ऊंच नीच की सोच को बढ़ावा देने वाली मानसिकता को दर्शाती हैं। खरगे का सार्वजनिक जीवन संविधान, लोकतंत्र, सामाजिक न्याय और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष को समर्पित रहा है। ठुकराल ने कहा कि सामाजिक विद्वेष और वैमनस्य को बढ़ावा देने वाली ऐसी मानसिकता का समर्थन करने वाले नेताओं को भविष्य में अनुसूचित जाति के लोगों से वोट मांगने से पहले अपने आचरण पर विचार करना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसी मानसिकता रखने वाले नेताओं को मलिन बस्तियों में जाकर लोगों से समर्थन मांगने का भी कोई नैतिक अधिकार नहीं होना चाहिए।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट पर निशाना साधते हुए ठुकराल ने कहा कि उनके बयान आए दिन विवादों का कारण बनते हैं। उन्होंने भट्ट के उस कथित बयान पर भी सवाल उठाया, जिसमें उत्तराखंड की सभी राजधानियों में झंडारोहण किए जाने की बात कही गई थी। ठुकराल ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष को यह भी स्पष्ट होना चाहिए कि उत्तराखंड में कितनी राजधानियां हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्र आंदोलन के दौरान भी भट्ट ने छात्रों के प्रति अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया था, जिससे युवाओं में नाराजगी पैदा हुई।
ठुकराल ने नैनीताल में हुए गोलीकांड का जिक्र करते हुए कहा कि पिछले जिला पंचायत और ब्लाक प्रमुख चुनाव के दौरान गोली चलने की घटनाओं पर कार्यकर्ताओं की चिंता से भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को अवगत कराया गया था। उनके अनुसार, उस समय भट्ट की ओर से उत्तराखंड में रोज गोलियां चलने संबंधी बयान दिया गया था। ठुकराल ने इस बयान को गैर जिम्मेदाराना बताते हुए कहा कि ऐसे मामलों को सामान्य बताने के बजाय गंभीरता से लिया जाना चाहिए।
पूर्व विधायक ने कहा कि प्रदेश में राजनीतिक और सामाजिक माहौल को खराब करने वाले बयानों से बचने की जरूरत है। उन्होंने भाजपा नेतृत्व से महेंद्र भट्ट को प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाने और राज्यसभा सदस्य पद से भी हटाने की मांग की।
