- एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में पांच थाना क्षेत्रों में पुलिस का अभियान, 94 लीटर कच्ची शराब बरामद, करीब 13,500 लीटर लहन नष्ट और तीन अवैध भट्टियां ध्वस्त।
रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर जनपद में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए एसएसपी अजय गणपति के कुशल निर्देशन में पुलिस का अभियान लगातार जारी है। ऑपरेशन प्रहार के तहत जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस ने व्यापक कार्रवाई करते हुए पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। इस दौरान अवैध कच्ची शराब बरामद करने के साथ ही शराब बनाने के ठिकानों पर छापेमारी कर भारी मात्रा में लहन नष्ट किया गया और अवैध भट्टियों को ध्वस्त किया गया।
पुलिस के अनुसार, कोतवाली ट्रांजिट कैंप, काशीपुर, खटीमा, गदरपुर और थाना केलाखेड़ा क्षेत्र में अवैध कच्ची शराब के निर्माण, बिक्री, भंडारण और तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान कुल 94 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई। इसके अतिरिक्त करीब 13,500 लीटर लहन नष्ट किया गया और तीन अवैध शराब की भट्टियां ध्वस्त की गईं।
ट्रांजिट कैंप में एक आरोपी गिरफ्तार
कोतवाली ट्रांजिट कैंप पुलिस ने पीलीकोठी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए राजा पुत्र राकेश, निवासी पक्का खेड़ा, वार्ड नंबर 19, रुद्रपुर को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 73 पाउच में करीब 24 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद हुई। आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 60(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
काशीपुर में 3,500 लीटर लहन नष्ट
कोतवाली काशीपुर पुलिस ने ग्राम रम्पुरा में अवैध कच्ची शराब बनाने की सूचना पर दबिश दी। मौके से करीब 3,500 लीटर लहन नष्ट किया गया तथा 60 लीटर अवैध कच्ची शराब और शराब बनाने के उपकरण बरामद किए गए। कार्रवाई के दौरान रजत सिंह उर्फ बूटा सिंह और राज सिंह मौके से फरार हो गए। पुलिस दोनों की तलाश में दबिश दे रही है।
खटीमा में एक आरोपी गिरफ्तार
चौकी सत्रहमील-मझौला पुलिस ने श्मशान घाट रोड, मझौला गांव में पुलिया के पास चेकिंग के दौरान तीरथ राज सिंह पुत्र दलजीत सिंह को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से अवैध कच्ची शराब के 40 पाउच बरामद किए गए। उसके विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
गदरपुर में दो आरोपी पकड़े गए
कोतवाली गदरपुर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पहली कार्रवाई में वीर सिंह पुत्र नेत्रपाल सिंह, निवासी कोपा कृपाली, गूलरभोज को 20 लीटर अवैध कच्ची शराब के साथ पकड़ा गया। वहीं, दूसरी कार्रवाई में लवजीत सिंह पुत्र मुख्यियार सिंह, निवासी सिकरौरा, थाना बिलासपुर, जिला रामपुर (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी पंजाबी ढाबा, महतोष को 10 लीटर अवैध कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। दोनों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज किए गए।
केलाखेड़ा में गिरफ्तारी, तीन भट्टियां ध्वस्त
थाना केलाखेड़ा पुलिस ने चेकिंग के दौरान निर्मल सिंह पुत्र शेर सिंह, निवासी सुंदरनगर, थाना नानकमत्ता, हाल निवासी ग्राम सरकड़ी, थाना केलाखेड़ा को 10 लीटर अवैध कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया।
इसके अतिरिक्त, बेरिया दौलत क्षेत्र के ग्राम तोता बेरिया में खेतों के बीच संचालित अवैध शराब निर्माण के ठिकाने पर छापेमारी की गई। पुलिस ने मौके पर तीन अवैध शराब की भट्टियां ध्वस्त कीं और करीब 10,000 लीटर लहन नष्ट किया। शराब बनाने में प्रयुक्त उपकरण भी बरामद किए गए। अवैध शराब निर्माण में संलिप्त अन्य लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान जारी
एसएसपी अजय गणपति के निर्देशानुसार ऊधम सिंह नगर पुलिस द्वारा अवैध नशे के कारोबार के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अवैध शराब या अन्य मादक पदार्थों से संबंधित किसी भी गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि ऐसे कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
