IMG-20260708-WA0055
  • एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी कार्रवाई, हत्या, हत्या के प्रयास और गैंगस्टर एक्ट समेत 46 से अधिक संगीन मुकदमों का आरोपी निकला योगेश मलिक उर्फ भदौरिया।

रुद्रपुर। ऊधमसिंहनगर पुलिस ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस के ₹1 लाख के इनामी गैंगस्टर योगेश मलिक उर्फ भदौरिया को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से एक .315 बोर का अवैध तमंचा और तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।

पुलिस के अनुसार, बुधवार को डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि चैती मेला मार्ग पर एक संदिग्ध व्यक्ति घूम रहा है। सूचना मिलते ही कोतवाली आईटीआई पुलिस टीम ने पुरानी चौकी चैती के पास स्थित खंडहर के निकट घेराबंदी कर संदिग्ध को दबोच लिया। पूछताछ में उसकी पहचान योगेश मलिक उर्फ भदौरिया (53 वर्ष) निवासी ग्राम भदौड़ा, थाना रोहटा, जनपद मेरठ (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई।

तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा और तीन जिंदा कारतूस बरामद होने पर उसे आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत गिरफ्तार किया गया।

गहन पूछताछ और उत्तर प्रदेश पुलिस से समन्वय के बाद पता चला कि आरोपी थाना गंगोह, सहारनपुर से ₹1 लाख का इनामी अपराधी है। उसके खिलाफ मेरठ, बुलंदशहर, बागपत, गाजियाबाद और सहारनपुर समेत उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में 46 से अधिक संगीन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें हत्या, हत्या का प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट, लूट, रंगदारी और अन्य गंभीर अपराध शामिल हैं।

पुलिस के मुताबिक आरोपी के आपराधिक इतिहास का विस्तृत सत्यापन किया जा रहा है और संबंधित राज्यों की पुलिस को गिरफ्तारी की सूचना भेज दी गई है।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम

  • प्रभारी निरीक्षक विक्रम राठौर
  • उपनिरीक्षक हरविंदर सिंह
  • हेड कांस्टेबल सिराज हुसैन
  • कांस्टेबल रमेश बंगयाल
  • पीआरडी जवान अनिल

पुलिस का कहना है कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।

error: Content is protected !!