- 24.43 ग्राम अवैध स्मैक बरामद, 15 लाख रुपये से अधिक कीमत; दो महिलाएं और दो पुरुष गिरफ्तार
रुद्रपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में ऊधम सिंह नगर पुलिस द्वारा नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बड़ी कार्रवाई की गई है। जिले के नानकमत्ता, आई.टी.आई. और काशीपुर थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने कार्रवाई करते हुए चार नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में दो महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से कुल 24.43 ग्राम शुद्ध वजन की अवैध स्मैक/हेरोइन, बिक्री के 4,200 रुपये नगद, एक मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत 15 लाख रुपये से अधिक बताई गई है।
नानकमत्ता में दो महिला तस्कर गिरफ्तार

कोतवाली नानकमत्ता एवं चौकी प्रतापपुर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए कृष्णा कौर (38) निवासी ग्राम कौंदाखेड़ा और संदीप कौर (20) निवासी ग्राम जोगीठेर प्रतापपुर नंबर-07 को गिरफ्तार किया। पुलिस ने दोनों के कब्जे से क्रमश: 05.56 ग्राम और 06.45 ग्राम शुद्ध वजन स्मैक बरामद की। दोनों के खिलाफ थाना नानकमत्ता में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
आई.टी.आई. पुलिस ने बाइक सवार को दबोचा

कोतवाली आई.टी.आई. पुलिस ने कचनाल गुसाई रोड स्थित आई.आई.एम. छात्रावास गेट के पास चेकिंग के दौरान प्रेम सिंह (32) निवासी मुकन्दपुर को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 4.87 ग्राम शुद्ध वजन की स्मैक, एक स्पलेंडर प्लस मोटरसाइकिल और वीवो की-पैड मोबाइल फोन बरामद किया गया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
काशीपुर में 12.42 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तारी

काशीपुर पुलिस ने अंसार कॉलोनी के पास बांसफोड़ान क्षेत्र में चेकिंग के दौरान जुनैद उर्फ कुंजा (34) निवासी मोहल्ला अल्ली खां को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 12.42 ग्राम अवैध स्मैक और स्मैक बिक्री के 4,200 रुपये नगद बरामद हुए। आरोपी के खिलाफ कोतवाली काशीपुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, चारों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। ऊधम सिंह नगर पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही है।
