IMG-20260614-WA0033
  • 7 जुलाई तक चलेगा विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान, नए मतदाताओं का पंजीकरण कराने और पात्र नागरिकों के नाम जुड़वाने की अपील

रुद्रपुर। पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) को सफल बनाने के लिए अधिक से अधिक लोगों से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने और पात्र नागरिकों को जोड़ने की अपील की है। उन्होंने कहा कि 8 जून से प्रदेशभर में शुरू हुआ यह अभियान लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसमें प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।

ठुकराल ने बताया कि अभियान के तहत मतदाता प्रपत्रों का वितरण एवं संकलन 7 जुलाई तक किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों से अभियान में गंभीरता से सहयोग करने का आह्वान करते हुए कहा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित नहीं रहना चाहिए।

उन्होंने कहा कि जिन युवाओं की आयु मतदान के लिए निर्धारित हो चुकी है और जिनका अब तक मतदाता पहचान पत्र नहीं बना है, उनका फॉर्म-6 भरवाकर पंजीकरण कराया जाए। साथ ही जो मतदाता किसी कारणवश अपने क्षेत्र से बाहर हैं, उनकी फोटो एवं आवश्यक जानकारी संबंधित बीएलओ को उपलब्ध कराई जाए ताकि सत्यापन प्रक्रिया समय पर पूरी हो सके।

राजकुमार ठुकराल ने कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों के बीएलओ के साथ लगातार संपर्क बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि बेहतर समन्वय और जागरूकता के माध्यम से अभियान को सफल बनाया जा सकता है। उन्होंने लोगों को यह भी बताया कि मतदाता आवेदन पत्र के साथ पासपोर्ट आकार का फोटो अनिवार्य रूप से लगाना होगा, इसलिए इसकी व्यवस्था समय रहते कर लें।

उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर लोगों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, नए मतदाताओं का पंजीकरण कराने तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी की सक्रियता, मेहनत और समर्पण से यह अभियान सफल होगा तथा अधिक से अधिक पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल हो सकेंगे।

error: Content is protected !!