- राज्यस्तरीय सेमिनार की तैयारियों का IG कुमाऊं और SSP ऊधमसिंहनगर ने लिया जायजा, सुरक्षा-यातायात व्यवस्था को लेकर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
रुद्रपुर। मानव तस्करी जैसे गंभीर एवं संगठित अपराध की रोकथाम, नियंत्रण और उन्मूलन को लेकर 9 अक्टूबर को पंतनगर विश्वविद्यालय के गांधी हॉल में राज्यस्तरीय सेमिनार/कांफ्रेंस का आयोजन किया जाएगा। आयोजन की तैयारियों को लेकर 8 अक्टूबर को पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं परिक्षेत्र नैनीताल श्रीमती निवेदिता कुकरेती और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर श्री अजय गणपति ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास, यातायात प्रबंधन, पार्किंग सहित कार्यक्रम स्थल की अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। IG कुमाऊं ने संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने और यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।
SSP ऊधमसिंहनगर अजय गणपति ने भी कार्यक्रम से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने तथा सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।
मानव तस्करी के नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई पर होगा मंथन
राज्यस्तरीय सेमिनार का उद्देश्य मानव तस्करी की रोकथाम, पीड़ितों के संरक्षण एवं पुनर्वास, तस्करी के संगठित नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई तथा विभिन्न विभागों और एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है।
सेमिनार में मानव तस्करी से जुड़ी वर्तमान चुनौतियों, अपराध के बदलते स्वरूप, प्रभावी पुलिसिंग और जनजागरूकता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों एवं संबंधित अधिकारियों द्वारा विचार साझा किए जाएंगे।
बेहतर समन्वय के दिए निर्देश
निरीक्षण के दौरान IG कुमाऊं और SSP ऊधमसिंहनगर ने अधिकारियों को राज्यस्तरीय आयोजन की गरिमा के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं उच्च स्तर पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यक्रम को सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया गया।
मानव तस्करी के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई और पीड़ितों को न्याय दिलाने की दिशा में यह राज्यस्तरीय मंथन महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
